टोहाना। गांव अमानी में शटरिंग की दुकान पर काम कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार रिट्ज कार ने टक्कर मार दी। घटना में 25 वर्षीय आकाश की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक कुलदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल आकाश को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर थाना प्रभारी शादी राम ने बताया कि आकाश के पिता दिलबारा राम ने बताया कि उनका बेटा शाम तक घर नहीं आया तो उन्होंने उसे फोन किया, जिस पर आकाश ने जल्दी घर आने की बात कही। कुछ देर बाद हादसे की सूचना मिली। आकाश अविवाहित था। वहीं, साथी राकेश और विशाल ने बताया कि वे तीनों दुकान में काम कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर आई और आकाश व कुलदीप को टक्कर मार दी। विशाल ने बताया कि इस हादसे में आकाश की मौत हो गई, जबकि कुलदीप की हालत गंभीर है। सदर थाना प्रभारी शादी राम ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर चालकके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।