रतिया। शहर के साथ लगती घग्घर नदी पर बने करीब 60 साल पुराने जर्जर पुल के स्थान पर आधुनिक तकनीक से नया और चौड़ा पुल बनाने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इस के मुद्दे को लेकर सैनी समाज ट्रस्ट रतिया के साथ-साथ बार एसोसिएशन और नगर पार्षदों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक संयुक्त ज्ञापन भेजकर तत्काल निर्माण कार्य शुरू करवाने की गुहार लगाई है।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया है कि घग्घर नदी पर बना यह पुल लगभग छह दशक पुराना होने के कारण अपनी मियाद पूरी कर चुका है और वर्तमान में इसकी हालत बेहद खस्ता हो चुकी है। पुल की पुरानी और कमजोर संरचना को लेकर क्षेत्र के लोगों में हमेशा डर व चिंता का माहौल बना रहता है। पुल रतिया क्षेत्र के हजारों लोगों की जीवनरेखा है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में विद्यार्थी, किसान, व्यापारी, वाहन चालक और आम नागरिक गुजरते हैं।
मुख्यमंत्री को दिए ज्ञापन में सैनी समाज ट्रस्ट रतिया के प्रधान जय भगवान, उपप्रधान जगतार सिंह, रघुबीर सैनी, कोषाध्यक्ष व सचिव के अलावा बार एसोसिएशन रतिया के प्रधान महेश तनेजा, वार्ड नंबर-3 के पार्षद अजमेर सिंह चौहान, वार्ड नंबर-12 के पार्षद सतपाल सिंह लड़वाल सहित अन्य प्रतिनिधियों ने कहा कि पुल की वर्तमान जर्जर स्थिति को देखते हुए यहां कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना घटित हो सकती है।
हादसे की आशंका
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और सरकार द्वारा समय रहते इसकी सुध नहीं ली गई, तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इन्कार नहीं किया जा सकता। उन्होंने मांग पत्र के माध्यम से मांग करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से पुल का तत्काल तकनीकी निरीक्षण करवाया जाए। आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुराने पुल को तोड़कर उसकी जगह आधुनिक तकनीक और मजबूत सामग्री से नया व चौड़ा पुल बनाने की स्वीकृति दी जाए।