फतेहाबाद। शहर के गुरुनानकपुरा मोहल्ले में घर को नशे का अड्डा बनाने का मामला सामने आया है। वीरवार शाम पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर नशा करते और करवाते छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। मौके से 6.25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार मकान में कथित तौर पर 100 रुपये लेकर युवकों को हेरोइन का नशा करवाया जाता था।
डीएसपी संजय बिश्नोई ने बताया कि पुलिस ने संजीव कुमार उर्फ संजू निवासी गुरुनानकपुरा, सुमित निवासी ढाणी ठोबा हाल संगरसाधा, सागर निवासी हंस कॉलोनी, सोनू निवासी बहबलपुर, दीपक कुमार निवासी शक्ति नगर व सागर उर्फ लुकी निवासी हंस कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
15 दिन पहले भी मोहल्ला से 17 लोगों को किया था गिरफ्तार
गुरुनानकपुरा मोहल्ले में करीब 15 दिन पहले भी पुलिस ने एक मकान पर छापा मारकर महिला समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में भी हेरोइन और नशे से संबंधित सामान बरामद हुआ था। डीएसपी के अनुसार उस मामले में भी घर के भीतर नशा करवाने की बात सामने आई थी। अब दोबारा इसी मोहल्ले में घर के अंदर नशे का सेवन और बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।