भूना (फतेहाबाद)। भूना के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो डिवाइडर से टकराकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे लॉर्ड कृष्णा स्कूल के सामने हुआ। गड्ढे में गिरने से पहले गति काफी अधिक होने के कारण गाड़ी कई बार पलटी।
डांगरा निवासी विक्रम उर्फ विक्की बराला की जमानत पर रिहाई के बाद सातों दोस्त सिरसा से लौट रहे थे। विक्रम उर्फ विक्की राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला का रिश्तेदारी में पोता है। एक सप्ताह पहले सिरसा पुलिस ने विक्रम को किसी मामले में गिरफ्तार किया था। सोमवार को जमानत मिलने के बाद देर शाम उसे छोड़ा गया। दोस्त की रिहाई की खुशी में स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में थी। डिवाइडर पर चढऩे की आशंका में अचानक कट लगने से गाड़ी पलटी और पानी से भरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के दौरान खिड़की खुलने से कृष्ण कुमार सड़क पर गिर गया। गाड़ी उसके ऊपर पलट गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान डांगरा गांव के नरेश उर्फ सोनी (35), गांव अमानी के कृष्ण कुमार (34) व गांव चंदड़ खुर्द के सुखजिंद्र सिंह (29) के रूप में हुई। वहीं, डांगरा गांव के विक्रम उर्फ विक्की बराला(27) व नरेश कुमार(30), जमालपुर के ईश्वर जोत उर्फ नोखा (31) व अमानी गांव के ओमप्रकाश (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। सबको पहले मेडिकल कॉलेज अग्रोहा और फिर वहां से हिसार रेफर किया गया है। हादसे के बाद डीएसपी कुलवंत ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं, मृतक नरेश उर्फ सोनी के बड़े भाई बिरमपाल ने बताया कि स्कॉर्पियो में सवार सभी सिरसा से लौट रहे थे। डांगरा, चंदड़ खुर्द और अमानी गांव में मंगलवार शाम तीनों मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया।