गांव बहबलपुर में छापेमार कार्रवाई के दौरान बरामद दवाइयां स्त्रोत पुलिस विभाग
- फोटो : सांकेतिक
फतेहाबाद। गांव बहबलपुर में एक घर में चल रहे अवैध क्लीनिक पर स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान आरोपी झोलाछाप चिकित्सक मौका देखकर भाग गया। टीम को निरीक्षण के दौरान क्लीनिक से 22 प्रकार की अंग्रेजी दवाइयां और पांच प्रकार के मेडिकल उपकरण मिले हैं।
सदर पुलिस ने इस कार्रवाई में बिना लाइसेंस दवा रखने, अवैध रूप से क्लीनिक चलाने तथा आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने के गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की है। थाना सदर प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि 15 दिसंबर को गांव बहबलपुर निवासी जगशेर सिंह के विरुद्ध अवैध मेडिकल गतिविधियों की शिकायत मिलने पर सिविल सर्जन को पत्राचार किया गया।
इसके पश्चात डॉ. अरुण लांबा, मेडिकल ऑफिसर पीएचसी हिजरावां कलां एवं ड्रग कंट्रोल ऑफिसर दिनेश कुमार की संयुक्त टीम पुलिस के साथ गांव बहबलपुर पहुंची। मौके पर जांच के दौरान आरोपी के घर में बने कमरे से 22 प्रकार की अंग्रेजी दवाइयां तथा 5 प्रकार के मेडिकल उपकरण बरामद हुए।
मांगने पर आरोपी दवाइयों से संबंधित कोई वैध ड्रग लाइसेंस, खरीद-बिक्री रिकॉर्ड अथवा मेडिकल प्रैक्टिस से जुड़ा कोई सरकारी पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने बरामद सामग्री को नियमानुसार सील कर कब्जे में ले लिया। जांच प्रक्रिया के दौरान आरोपी मौका देखकर भाग गया।