रतिया। कंवलगढ़ और तेलीवाड़ा के बीच घग्गर नदी पर पुल निर्माण की करीब दो साल पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई। सरकार ने 15 करोड़ 38 लाख 70 हजार रुपये की लागत से पुल निर्माण को मंजूरी दे दी है।
स्वीकृति मिलने के बाद अब जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। पुल बनने से दोनों गांवों के बीच सीधा व सुगम संपर्क स्थापित होगा और आसपास के ग्रामीणों को भी आवागमन में राहत मिलेगी।
गांव कंवलगढ़ के सरपंच गुरतेज सिंह ने बताया कि पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीण लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। रतिया विधायक जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर ग्रामीणों की समस्या और पुल की आवश्यकता से अवगत कराया था। ग्रामीणों ने भी मुख्यमंत्री के समक्ष यह मांग प्रमुखता से रखी थी। क्षेत्र की जरूरत को देखते हुए सरकार ने पुल निर्माण की योजना को मंजूरी प्रदान की।
आवागमन होगा आसान
वर्तमान में घग्गर नदी के कारण कंवलगढ़ और तेलीवाड़ा के बीच आवागमन में ग्रामीणों को परेशानी होती है। पुल बनने के बाद दोनों गांवों के बीच संपर्क बेहतर होगा और आसपास के गांवों को भी इसका लाभ मिलेगा। ग्रामीणों का कहना है कि बेहतर संपर्क सुविधा से क्षेत्र में विकास की संभावनाएं बढ़ेंगी। आवागमन सुगम होने से सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री और विधायक का जताया आभार
सरपंच गुरतेज सिंह ने पुल निर्माण की मंजूरी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और रतिया विधायक जरनैल सिंह का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों के बाद ग्रामीणों की महत्वपूर्ण मांग पूरी हुई है। अब उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा और क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा।