फतेहाबाद। गांव दरियापुर के पास वीरवार सुबह करीब आठ बजे श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सिरसा के तीन महिलाएं सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी रूणेचा धाम से लौट रहे थे।
पुलिस के अनुसार चालक को नींद आने के कारण गाड़ी अनियंत्रित हुई। घायल हुए सिरसा के रिसालियाखेड़ा निवासी गुड्डी देवी, कौशल्या, संतरो देवी, यश, सोनू और चालक दलबीर में से यश, सोनू और दलबीर को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। तीनों महिलाओं का फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में उपचार चल रहा है।
संतरो देवी ने बताया कि वे सनियाना से रूणेचा धाम गई थीं और वापसी में दलबीर भगत की बोलेरो गाड़ी में रिसालियाखेड़ा जाते समय गांव दरियापुर के पास हादसा हुआ। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोटें नहीं आईं।