फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का निरीक्षण करते हुए अधिकारी संवाद
फतेहाबाद। नागरिक अस्पताल में 15 अगस्त से अमृत फार्मेसी शुरू होगी। पीपीपी मॉडल पर शुरू होने वाली इस फार्मेसी में मरीजों को 24 घंटे कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध होंगी। एचएलएल कंपनी के दो फार्मेसी अधिकारी यहां तैनात रहेंगे।
अस्पताल की डिस्पेंसरी में दवा उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को बाहर से महंगी दवा खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिविल सर्जन डॉ. बुधराम और एसएमओ डॉ. सुभाष ने सोमवार को फार्मेसी स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। फार्मेसी शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
निजी अस्पतालों के मरीज भी ले सकेंगे दवा
अमृत फार्मेसी में सरकारी अस्पताल के अलावा निजी अस्पतालों से उपचार लेने वाले मरीज भी दवा खरीद सकेंगे। रात के समय भी काउंटर खुला रहेगा। फार्मेसी में आवश्यक दवाएं उपलब्ध रखने की व्यवस्था की जा रही है। अस्पताल की डिस्पेंसरी में कई बार दवा उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को बाहर की दुकानों का रुख करना पड़ता था। वहां उन्हें कई दवाएं अधिक कीमत पर खरीदनी पड़ती थीं। अमृत फार्मेसी में दवाएं कम दरों पर मिलने से मरीजों को राहत मिलेगी और उनका आर्थिक बोझ भी कम होगा।
-
चौबीसों घंटे मौजूद रहेंगे फार्मेसी अधिकारी
एचएलएल कंपनी के दो फार्मेसी अधिकारी शिफ्ट के अनुसार सेवाएं देंगे। इससे दिन और रात दोनों समय मरीजों को दवा मिल सकेगी। अस्पताल प्रशासन ने फार्मेसी संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली है।
-
अमृत फार्मेसी के उद्घाटन से पहले सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फार्मेसी के संचालन से संबंधित सभी पहलुओं की समीक्षा की गई है। फार्मेसी खुलने से मरीजों को कम रेट पर दवा मिल पाएंगे। रात को भी मरीजों की सुविधा के लिए काउंटर खुला रहेगा।
- डॉ. बुधराम, सिविल सर्जन