फतेहाबाद। जनता से संवाद और जवाबदेही मजबूत करने के उद्देश्य से शुरू की गई क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली का पुलिस विभाग को आमजन से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हो रही है। अब तक 417 लोगों ने क्यूआर कोड स्कैन कर पुलिस सेवा का फीडबैक दिया है।
इनमें से 96 (397 शिकायतकर्ताओं) ने 5 स्टार रेटिंग देकर पुलिस व्यवस्था में अपने भरोसे को दर्शाया है। यह फीडबैक न केवल पुलिस पर जनता के विश्वास को प्रकट करता है, बल्कि सेवा की पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति उनकी अपेक्षाओं को भी सामने लाता है।
ऐसे दे सकते हैं फीडबैक
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि जिले के सभी थानों, विशेषकर संतरी पोस्ट पर क्यूआर कोड डिस्प्ले किए गए हैं। इन्हें स्कैन कर कोई भी नागरिक अपने अनुभव के अनुसार रेटिंग और सुझाव साझा कर सकता है। यह फीडबैक थाना प्रभारी, उप-पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक तक सीधे पहुंचता है, जिससे समीक्षा के बाद त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
-
ये मिली रेटिंग
- अब तक 417 शिकायतकर्ताओं ने फीडबैक सिस्टम का उपयोग किया
- इनमें से 397 ने 5 स्टार रेटिंग दी
- 8 शिकायतकर्ताओं ने 4 स्टार रेटिंग के साथ सुझाव साझा किए
- 2 शिकायतकर्ताओं ने 3 स्टार रेटिंग दी।
- 10 शिकायतकर्ताओं ने 1 स्टार रेटिंग देते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए
-
जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में क्यूआर कोड स्कैन कर फीडबैक दें, ताकि पुलिस सेवाओं को और अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितकारी बनाया जा सके। पुलिस, जनता के सहयोग से एक सुरक्षित, विश्वसनीय और उत्तरदायी पुलिस तंत्र की दिशा में सतत अग्रसर है।
- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।