फतेहाबाद। जिला पुलिस ने कार्यप्रणाली को लेकर क्यूआर कोड आधारित फीडबैक प्रणाली की शुरुआत की है। आमजन ने इस बारे में फीडबैक देना शुरू कर दिया है। जिला पुलिस को 95 प्रतिशत शिकायतकर्ताओं ने फाइव स्टार रेटिंग दी है।
अब तक की रिपोर्ट के अनुसार, 138 शिकायतकर्ताओं ने क्यूआर कोड स्कैन कर पुलिस सेवा का फीडबैक दिया है। इनमें से 95 प्रतिशत ने 5 स्टार रेटिंग देकर पुलिस व्यवस्था में अपने भरोसे को दर्शाया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि जिले के सभी थानों, विशेषकर संतरी पोस्टों पर क्यूआर कोड डिस्प्ले किए गए हैं।
इन्हें स्कैन कर कोई भी नागरिक अपने अनुभव के अनुसार रेटिंग व सुझाव दे सकता है। यह फीडबैक थाना प्रभारी, उप-पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक तक सीधे पहुंचता है, जिससे समीक्षा के बाद त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकती है।
-
ये रही है रेटिंग
अब तक 138 शिकायतकर्ताओं ने फीडबैक सिस्टम का उपयोग किया।
- इनमें से 132 शिकायतकर्ताओं ने 5 स्टार रेटिंग दी है।
2 शिकायतकर्ताओं ने 4 स्टार रेटिंग के साथ सुझाव साझा किए।
4 शिकायतकर्ताओं ने एक स्टार रेटिंग के साथ सुझाव दिए।
-
यह फीडबैक प्रणाली न केवल आमजन को अपनी बात रखने का अवसर देती है, बल्कि पुलिस को यह जानने में भी मदद करती है कि सेवा के कौन-से क्षेत्र में सुधार की आवश्यकता है। इससे पारदर्शी, जनोन्मुखी और उत्तरदायी पुलिसिंग को नई दिशा मिल रही है।
- सिद्धांत जैन, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।