अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने बुधवार को 8वें दिन भी हड़ताल कर धरना दिया। उन्होंने सरकार के रवैये पर रोष जताते हुए शहरभर में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इस दौरान सीटू के राज्य कोषाध्यक्ष सुखबीर सिंह ने कहा कि सरकार अपनी हठधर्मिता छोड़कर आंदोलनरत आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर यूनियन के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करें अन्यथा मजबूरीवश सीटू को भी इस आंदोलन में कूदना पड़ेगा।
प्रदर्शन करते हुए आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर पुराना बस स्टैंड, बीघड़ चौक पहुंची और शवयात्रा को आग के हवाले किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला प्रधान सुनीता झलनियां व उपप्रधान सुदेश रानी ने संयुक्त रूप से की व संचालन मलकीत कौर ने किया। प्रदर्शन से पूर्व जिलेभर से आई आंगनबाड़ी वर्करों एवं हैल्परों को संबोधित करते हुए सुलोचना गाजूवाला, अनिता जाखल, माया पूनियां, किरण जमालपुर, दमयंती धारनियां, शीला बरसीन ने कहा कि सरकार वर्कर्स एवं हेल्पर्स के धैर्य की परीक्षा न ले। नहीं तो आंदोलन को तेज करने पर मजबूर होंगी। उन्होंने कहा कि आंदोलन की अगली कड़ी में दो दिन हड़ताल कर धरना जारी रहेगा और 2 मार्च को वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के आवास का घेराव किया जाएगा।