फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राष्ट्रपति की सुरक्षा में लापरवाही, डीसी ने चीफ फायर अधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

विज्ञापन
विज्ञापन
अमित रूखाया
विज्ञापन

फतेहाबाद। जिले के चीफ फायर अधिकारी यासीन खान 15 जुलाई को फतेहाबाद पहुंचे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की सुरक्षा में लापरवाही के आरोप में फंस गए हैं। जिला उपायुक्त डा. हरदीप सिंह ने उन्हें पत्र लिखकर स्पष्टीकरण मांगा है। मुख्य दमकल अधिकारी यासीन खान पर राष्ट्रपति के हेलीकाप्टर्स की लैंडिंग के दौरान गैर रजिस्टर्ड गाड़ी को हेलीपैड परिसर में लेकर आने का आरोप लगा है। अब उन्हें अगले तीन दिनों के अंदर डीसी डा. हरदीप सिंह को अपने ऊपर लगे आरोपों का स्पष्टीकरण देना होगा। अगर डीसी उनके जवाब से संतुष्ट न हुए तो उनके खिलाफ आगे कार्रवाई की सिफारिश की जा सकती है। खुद डीसी डा. हरदीप सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उधर दमकल अधिकारी यासीन खान ने इन आरोपों से इंकार किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में लापरवाही पुलिस विभाग की है और उनके ऊपर लापरवाही का ठीकरा फोड़ा जा रहा है।
ये है मामला
15 जुलाई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के फतेहाबाद दौरे के दौरान उनका हवाई काफिला भोड़ियाखेड़ा स्टेडियम में उतरा था। इस दौरान हेलीपैड पर गाड़ियों के काफिले के साथ एंबुलेंस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की भी ड्यूटी स्टेडियम में लगाई गई थी। चीफ दमकल अधिकारी यासीन खान पर आरोप है कि हेलीपैड पर ड्यूटी होने के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर नहीं थी और जिस समय हैलीकाप्टर्स लैंड हो रहे थे, उसी समय यासीन खान व उनका एक गाड़ी का चालक गैर रजिस्टर्ड दमकल गाड़ी को लेकर स्टेडियम में पहुंच गए। इतना ही नहीं, यासीन खान पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी लगाने की जगह को लेकर ड्यूटी पर मौजूद डीएसपी पवन कुमार से भी उलझने का आरोप है।
विज्ञापन

डीएसपी पवन ने जींद एसपी को दी शिकायत, एसपी ने फतेहाबाद डीसी को भेजा पत्र
इस मामले में जींद के डीएसपी एवं उस दिन हेलीपैड ड्यूटी पर तैनात रहे पवन कुमार की यासीन खान से गाड़ी खड़ी करने की जगह को लेकर बहस हो गई थी। इसके बाद यासीन खान गैर रजिस्टर्ड गाड़ी हेलीपैड पर लाने के आरोप में फंस गए। इसके बाद डीएसपी पवन ने जींद के एसपी एवं उस दिन हेलीपैड सुरक्षा को लेकर नोडल अधिकारी रहे अरूण सिंह नेहरा को लिखित शिकायत दी। जिसके बाद जींद के एसपी अरूण नेहरा ने फतेहाबाद डीसी डा. हरदीप सिंह को पत्र भेजकर सारे मामले की जानकारी देते हुए संबंधित आरोपियों पर कार्यवाही की मांग की है। इस मामले में जींद यातायात प्रभारी को भी लापरवाही बरतने का आरोपी बनाया गया है, जिन पर आरोप है कि उनके वहां होने के बावजूद गैर रजिस्टर्ड गाड़ी कैसे संवेदनशील जगह पर पहुंच गई। इसी पत्र के आधार पर डीसी ने फायर अफसर यासीन खान से स्पष्टीकरण मांगा है।
वर्जन
जींद एसपी अरूण नेहरा राष्ट्रपति दौरे के दौरान हेलीपैड ड्यूटी पर थे। उन्होंने पत्र भेजा है जिसमें दमकल अधिकारी यासीन खान व उनके चालक पर सुरक्षा में लापरवाही का आरोप लगाया गया है। इस बारे में यासीन खान से स्पष्टीकरण मांगा है। अगर उनका जवाब संतोषजनक ना रहा तो उनके खिलाफ कार्यवाही की सिफारिश की जाएगी।’
विज्ञापन

डा. हरदीप सिंह, जिला उपायुक्त फतेहाबाद।
वर्जन
पुलिस अधिकारियों के कहने पर चालक सुमेश ने दमकल की गाड़ी से मिट्टी की जगह पर छिड़काव किया था। जिसके कारण गाड़ी का पानी खत्म हो गया तो नियमानुसार खाली गाड़ी नहीं इस्तेमाल की जा सकती। इसलिए गाड़ी चालक सुमेश पानी भरने चला गया। वापसी में अगर हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर्स उतर गए हैं तो दमकल की गाड़ी को रोकने की जिम्मेदारी पुलिस की बनती है, गाड़ी का चालक तो वापिस अपनी जगह पर जाएगा ही। पुलिस विभाग अपनी लापरवाही का ठीकरा मेरे सिर फोड़ना चाहता है।’
यासीन खान, चीफ फायर अफसर, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें