शहर के मुख्य मार्गों बदहाल, ठेकेदारों की सिक्योरिटी जब्त करेगा नप प्रशासन
फतेहाबाद।
कभी सबसे शानदार सड़कों के लिए जाना जाने वाला फतेहाबाद शहर इन दिनों सड़कों की बदहाली पर आंसू बहा रहा है। इंटरलॉक टाइलों के लिए हायतौबा मचाने वाले पार्षद और ठेकेदार शहर के मुख्य मार्गों की सड़कों के बुरे हाल पर एक शब्द तक मुंह से नहीं निकाल रहे। हैरानी जनक बात तो ये है कि शहर के नेशनल हाइवे के साथ लगती इंटरलॉक टाइलों की बनी सड़कों को बने हुए अभी छह माह भी नहीं हुए और ये सड़कें ना केवल बैठ गई हैं बल्कि कई जगह इनमें गहरे गढ्ढे भी हो गए हैं। बुधवार को ये सारा मामला ईओ अमन ढांडा की जानकारी में आने के बाद उन्होंने अब संबंधित ठेकेदारों की सिक्योरिटी राशि जब्त करने की बात कही है।
ये है शहर की विभिन्न इलाकों की सड़कों के हालात
स्थान : बीघड़ मोड़
हालात : बीघड़ मोड़ पर बीघड़ की ओर मुड़ने वाली सड़क के किनारे पूरी तरह से टूट गए हैं। यहां मोड़ पर नगर परिषद द्वारा इंटरलॉक टाइलों की सड़क बनाई गई थी जो नेशनल हाइवे के साथ साथ चलती थी। लेकिन अपने बनने के कुछ ही माह के अंदर ये सड़क जगह-जगह से बैठ गई है और इसके साथ साथ नेशनल हाइवे के साथ लगते इसके किनारे पूरी तरह टूट चुके हैं जिसके कारण आए दिन यहां हादसे होते हैं।
स्थान : बस स्टैंड के पीछे रेहड़ी मार्केट
हालात : नगर परिषद की ओर से रेहड़ी चालकों को अपना सामान बेचने के लिए बस स्टैंड के पीछे जगह मुहैया करवाई गई थी, लेकिन यहां के हालात बिल्कुल बदतर हो चुके हैं। यहां पर सारा दिन गंदगी के अलावा टूटी सड़कें लोगों का जीना मुहाल कर रही हैं। बारिश के बाद कई-कई दिन तक बरसाती पानी यहां की टूटी सड़कों में खड़ा रहता है जिसके कारण मच्छरों की भी इस एरिया में भरमार हो गई है।
स्थान : मॉडल टाऊन मुख्य पपीहा पार्क रोड़
हालात : शहर का सबसे पॉश एरिया कहे जानमे वाले मॉडल टाऊन की मुख्य सड़क भी लापरवाही से बच नहीं पाई है। सीनियर मॉडल स्कूल के सामने वाली सड़क पर महतानी निवास के सामने बड़े-बड़े गढ्ढे हो गए हैं और पिछले लगभग एक साल से अधिक समय से लोग इन गढ्ढों से परेशान हैं। बावजूद इसके अभी तक इन गढ्ढों का कोई समाधान नहीं हो सका है। बारिश के दिनों में यहां हालात और ज्यादा बिगड़ जाते हैं।
स्थान : नेशनल हाइवे
हालात : सबसे हैरानी जनक स्थिति टेलीफोन एक्सचेंज के सामने स्थित नेशनल हाइवे के साथ-साथ बनाई गई इंटरलॉक टाइलों की सड़क की है। इसे बनाए हुए अभी छह माह भी नहीं हुए हैं और ये सड़क ना केवल जगह-जगह से बैठ चुकी है बल्कि कई जगह दो इस सड़क पर दो-दो फुट के गढ्ढे तक हो गए हैं। इतना ही नहीं, इस सड़क को टूटे हुए भी एक माह से अधिक हो चुका है लेकिन किसी ठेकेदार या अधिकारी ने इसकी सुध नहीं ली है।
स्थान : मॉडल टाऊन बतरा धर्मशाला के बाहर
हालात : शहर के सबसे पॉश कालोनी कहे जाने वाले मॉडल टाऊन में सड़कों के हालात वाकई बहुत ज्यादा खराब हैं। शोभराज बतरा धर्मशाला के बाहर अभी तक बरसाती पानी की झील बनी हुई है। आपको बता दें कि बारिश मंगलवार को आई थी। बरसाती पानी के जमाव के चलते यहां पर सड़क में जगह-जगह गढ्ढे हो गए हैं और सड़क की बजरी भी निकल कर बाहर आ गई है।
स्थान : सरकारी अस्पताल के बाहर वाली सड़क
हालात : स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सारे जिले में गीत गाते हैं कि जमा हुए पानी को तुरंत निकाल दें और गढ्ढों में पानी ना भरने दें लेकिन उनके खुद के ही सरकारी अस्पताल के बाहर सड़क में जगह-जगह गढ्ढे हैं। लेकिन किसी अफसर की कोई निगाह नहीं पड़ती। इन गढ्ढों में बरसाती पानी भरा है जिसमें मच्छर बिमारियां फैलाने को तैयार हो रहे हैं।
वर्जन
इन सड़कों की हालात काफी खराब लग रही है। अधिकारियों को बोला गया है कि इन सड़कों के ठेकेदार से तुरंत बात की जाए। और जिन सड़कों की लाइबिलटी पड़ी है, लेकिन इसके बावजूद सड़कें ठेकेदार ठीक नहीं कर रहे हैं, उनकी सिक्योरिटी राशि जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सड़कों को जल्द ठीक करवाया जाएगा।’
अमन ढांडा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, फतेहाबाद।