घर से मतदान करते 85 प्लस उम्र के बुजुर्ग।
फतेहाबाद। लोकतंत्र में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग द्वारा 85 प्लस बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर से वोट डालने की सुविधा दी गई। जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों टोहाना, फतेहाबाद व रतिया में कुल 869 दिव्यांगों और 85 प्लस बुजुर्गों ने अपने मत का प्रयोग किया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी मनदीप कौर ने बताया कि जिले में 900 मतदाताओं ने फॉर्म 12डी भरते हुए घर से वोट डालने की सहमति दी थी। तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पोलिंग पार्टियां बनाकर इन मतदाताओं से घर-घर जाकर पोलिंग करवाई गई है। कुल 900 मतदाताओं में से 869 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया है। टोहाना विधानसभा क्षेत्र में 85 प्लस आयु वर्ग के 202 बुजुर्गों और 61 दिव्यांगों ने घर से वोट डालने की सहमति दी थी। उनमें से 85 प्लस उम्र के 198 बुजुर्गों और 60 दिव्यांगों ने अपने मत का प्रयोग किया है।
फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र में कुल 85 प्लस उम्र के 237 और 71 दिव्यांगों ने घर से वोट डालने की सहमति दी, इनमें से 85 प्लस उम्र के 227 बुजुर्गों और 67 दिव्यांगों ने अपने मत का प्रयोग किया। इसी प्रकार से रतिया विधानसभा क्षेत्र में 85 प्लस उम्र के 253 बुजुर्गों और 76 दिव्यांगों ने घर से वोट डालने का फॉर्म 12डी भरा, इनमें से 85 प्लस उम्र के 243 बुजुर्गों और 74 दिव्यांगों ने अपने मत का प्रयोग किया है।