अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। रतिया रोड पर कुलदीप रिसोर्ट के पास कुछ शरारती तत्वों ने एक गाय को बुरी तरह मारा पीटा और उसे अधमरी हालत में पुलिया के नीचे धकेल दिया। हालांकि इस बात की अभी पुष्टि नहीं हो पाई है कि गाय को शरारती तत्वों ने धकेला या वह खुद ही पुलिया में गिरी। गाय की इतनी बुरी हालत थी कि वह खिसक कर भी पुलिया से बाहर नहीं आ पा रही थी। वहां से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने इसकी सूचना पीपुल्स फॉर एनीमल संस्था को दी। संस्था के जिलाध्यक्ष विनोद कड़वासरा ने तुरंत वहां पहुंचकर कुछ जीव प्रेमियों की मदद से उस गाय को पुलिया से बाहर निकाला और उपचार के लिए हरियाणा गोशाला भेजा है।
विनोद कड़वासरा ने कहा कि ये एक गंभीर मामला है। कड़वासरा ने कहा कि अभी इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि गाय को किसी ने मारपीट कर यहां फेंका है या गाय खुद ही बीमार होकर यहां पड़ी रही। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने आसपास के लोगों से भी बातचीत का प्रयास किया था, लेकिन कहीं से भी इस मामले में कोई पुख्ता जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। बहरहाल गाय को उपचार के लिए फतेहाबाद की हरियाणा गोशाला में भेजा गया है।