अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। सर्व कर्मचारी संघ ब्लाक फतेहाबाद की बैठक पब्लिक हेल्थ कार्यालय में हुई। इसमें आगामी 3 साल की कार्यकारिणी का गठन किया गया। चुनावी सम्मेलन की अध्यक्षता ब्लाक प्रधान प्रदीप यादव ने की। चुनाव पर्यवेक्षक के तौर पर रोडवेज यूनियन के महासचिव सरबत सिंह पूनियां, मैकेनिकल वर्कर यूनियन के राज्य उपप्रधान सुभाष बैजलपुरिया, पूर्व जिला प्रधान बेगराज, जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, ऑल हरियाणा पॉवर कार्पोरेशन वर्कर यूनियन के राज्य कोषाध्यक्ष अजय वशिष्ठ उपस्थित रहे। चुनाव सम्मेलन में ब्लाक फतेहाबाद के तमाम विभागों बिजली, नगरपालिका, आईटीआई, पब्लिक हेल्थ, रोडवेज, अध्यापक संघ, वन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, मार्केट कमेटी, पटवार एवं कानूनगो विभाग से सैकड़ों कर्मचारियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से तीन साल की आगामी कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें प्रदीप यादव को ब्लाक प्रधान, इन्द्र सिंह घासी को सचिव, मा. रामनिवास को कैशियर, ओमप्रकाश लोट को वरिष्ठ उपप्रधान, रामदिया व मा. राधेश्याम को उपप्रधान, संदीप सैनी को सहसचिव, विरेन्द्र सिंह रावत को प्रेस सचिव तथा महेश गोदारा को संगठनकर्ता चुना गया। अजय वशिष्ठ द्वारा नई कार्यकारिणी को शपथ दिलवाई गई। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता सरबत सिंह पूनियां व भूप सिंह भड़ोलांवाली ने कहा कि केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने 2014 में किए चुनावी वायदों को पूरा नहीं किया है। सरकार ने कच्चे कर्मचारियों को पक्का नहीं किया, पुरानी पेंशन स्कीम लागू नहीं की। प्रदेश के कर्मचारियों को एचआरए नहीं दिया जा रहा है। सर्व कर्मचारी संघ पूरे प्रदेश में ब्लाक स्तर पर नागरिक सम्मेलन करेगा और सरकार की जनता व कर्मचारियों के खिलाफ नीतियों की पोल खोलेगा। चुनाव सम्मेलन में चुनाव व कैशियर रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पास किया गया। चुनाव में मुख्य रूप से नगरपालिका के राज्य उपप्रधान रमेश तुषामढ़, वन विभाग यूनियन के महासचिव विनित कुमार, अध्यापक संघ के राज्य कमेटी सदस्य राजपाल मित्ताथल सहित अनेक कर्मचारी नेता मौजूद रहे।