अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
फतेहाबाद के एमएम कॉलेज में एडमिशन के लिए विद्यार्थियों के डाक्यूमेंट्स की वेरिफिकेशन का काम किया गया है। इसके लिए सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ लगी रही। कॉलेज प्रबंधन की ओर से कॉलेज परिसर के अंदर तीन जगह काउंटर लगाकर विद्यार्थियों के कागजात की जांच के लिए पूरे स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। एमएम कॉलेज के प्रिंसिपल डा. गुरचरण दास ने बताया कि एडमिशन के इच्छुक छात्रों के डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन का काम वीरवार को भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि एक जुलाई को उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से मेरिट लिस्ट लगाई जाएगी। इसमें उन्हीं विद्यार्थियों को ही कॉलेज में एडमिशन दिया जाएगा जिन्होंने समय रहते डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन करवा ली होगी।
प्रिंसिपल डा. गुरचरण दास ने बताया कि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद 29 व 30 जून को दाखिले को लेकर मेरिट आधार पर सूची तैयार की जाएगी और 1 जुलाई को पहली कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। प्रथम सूची में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी 4 जुलाई तक अपनी फीस जमा करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि दाखिले का दूसरा चरण 5 जुलाई से शुरू होगा। 5 व 6 जुलाई को अस्थायी सूची तैयार होगी, 7 से 9 जुलाई को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की जाएगी। 10 व 11 जुलाई को मेरिट आधार पर दूसरी लिस्ट तैयार की जाएगी व 12 जुलाई को दूसरी कट ऑफ लिस्ट जारी की जाएगी। उन्होंने बताया कि कालेज में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 22 जून शुक्रवार तक कालेज की वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट एमएमकालेजऑनलाईन डॉट कॉम पर जाकर ऑनलाईन रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की सुविधा कालेज में भी उपलब्ध करवाई गई है।
1780 सीटों के लिए अब तक 1831 आवेदन
कॉलेज में विभिन्न कोर्सों में दाखिले के लिए कुल 1780 सीटों के लिए अब तक 1831 आवेदन आ चुके हैं। बीए प्रथम सेमेस्टर के लिए कुल 640 सीटों के लिए अब तक 921 आवेदन आ चुके हैं। इसके अलावा बीए हा. पंजाबी-1 की कुल 40 सीटों के लिए 14, बीकॉम-1 एडिड की 80 सीटों के लिए 318, बीकॉम-1 सेल्फ फाइनेंसिंग की 270 सीटों के लिए 203, बी.लिब.-1 सेल्फ फाइनेंसिंग की 40 सीटों के लिए 7, बीएससी नॉन मेडिकल की 140 सीटों के लिए 122, बीएससी कंप्यूटर साइंस की 60 सीटों के लिए 34, बीएससी मेडिकल की 80 सीटों के लिए 84, बीसीए-1 की 40 सीटों के लिए 27, डिप्लोमा इन फैशन डिजाइनिंग की 40 सीटों के लिए 6, एमए हिंदी-1 की 40 सीटों के लिए 6, बीए इकोनॉमिक्स-1 की 40 सीटों के लिए 8, एमए पंजाबी-1 की 40 सीटों के लिए 15, एमए अंग्रेजी की 50 सीटों के लिए 14, एमकॉम की 60 सीटों के लिए 31, एमएससी फिजिक्स की 40 सीटों के लिए 10, एमएससी केमिस्ट्री की 40 सीटों के लिए 9, एमएससी गणित की 40 सीटों के लिए 12 आवेदन आ चुके हैं।