गोद लिए हुए तीन साल के मासूम की बेरहमी से की पिटाई
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
तीन साल के बच्चे की पिटाई का वीडियो वायरल होने व किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इसकी सूचना देने पर वीरवार शाम को बाल संरक्षण अधिकारी सुरजीत बाजिया ने टीम के साथ मौके पर मकान पर छापा मार दिया। बच्चे के हालात सही न होने पर टीम बच्चे को अपने साथ बाल कल्याण समिति के कार्यालय में ले आई। बाल संरक्षण अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में बच्चे की हालत ठीक नहीं बताई है। इस दौरान मौके पर पुलिस को भी बुला लिया गया। बाल कल्याण समिति ने पुलिस को आदेश दिए हैं कि बच्चे का नागरिक अस्पताल में मेडिकल करवाया जाए। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाल संरक्षण अधिकारी सुरजीत बाजिया को सूचना मिली थी कि धर्मशाला रोड पर अरोड़वंश धर्मशाला के साथ वाली गली में एक 3 साल के बच्चे से उसके परिजन मारपीट करते हैं। शिकायतकर्ता ने बच्चे को उसकी मां द्वारा पीटते हुए का एक वीडियो भी बनाया व इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सुरजीत बाजिया ने बताया कि बच्चे के शोषण की सूचना पाकर वह अपनी टीम में कर्मचारी लक्की ग्रोवर व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
देखभाल ठीक से नहीं होने से सदमे में बच्चा
जब मौके पर बच्चे की जांच की गई तो वह स्वस्थ नहीं था। बच्चे के मां-बाप के पास उसके जन्म प्रमाण पत्र संबंधित दस्तावेज नहीं थे। बच्चे का रखरखाव ठीक ढंग से नहीं हो रहा था, जिससे बच्चा सदमे में है। बच्चे पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। बच्चे की पिटाई संबंधी वीडियो भी वायरल हुई है, जिसमें महिला अपने बच्चे को पीटते हुए दिखाई दे रही है। उन्होंने बताया कि जब परिवार से पूछा गया कि बच्चा उनका है तो पहले उन्होंने बच्चे को अपना बताया, लेकिन इससे संबंधित कोई दस्तावेज उनके पास नहीं मिले। बाद में उन्होंने बताया कि करीब 3 माह पहले उन्होंने यह बच्चा पंजाब से गोद लिया है। लेकिन वह इसके भी दस्तावेज नहीं दे सके हैं और बिना कानूनी कार्रवाई के किसी का बच्चा अपने पास रखा हुआ था। उन्होंने बताया कि यह बच्चा धर्मशाला रोड पर एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान चलाने वाले विनोद जैन व उसकी पत्नी रेनू जैन से बरामद हुआ है। रेनू जैन पर ही बच्चे से मारपीट के आरोप हैं। इसके बाद वह बच्चे को अपने साथ लेकर बाल कल्याण समिति के कार्यालय में ले आए और बाल कल्याण समिति के हवाले कर दिया। अब बाल कल्याण समिति आगे की कार्रवाई करेगी। सूचना पाकर बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अनीता जोड़ा ने बच्चे का मेडिकल करवाने के आदेश दिए हैं। वहीं मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
----------------------------
मेडिकल के बाद होगी आगामी कार्रवाई: अध्यक्ष
बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष अनीता जोड़ा ने बताया कि बाल संरक्षण अधिकारी एक बच्चे को समिति में लेकर आए थे। उससे परिजनों द्वारा मारपीट का आरोप है। बच्चे की हालत सही नहीं थी, इसलिए उसको मेडिकल के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।