अमर उजाला ब्यूरो
जाखल।
नौजवान भारत सभा और आवाज मंच के नेतृत्व में बुधवार को जाखल शहर के अंदर जुलूस निकालते हुए सरकार विरोधी रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदेश में घट रही दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में शहर के बस स्टैंड से शुरू किया जुलूस विभिन्न बाजारों से होते हुए अग्रसेन चौक पर आकर समाप्त हुआ। इस बीच विभिन्न चौक पर नुक्कड़ सभाएं करते हुए दुष्कर्म की घटनाओं पर कड़ी निंदा की गई। सभा के सिधानी इकाई यूनिट पदाधिकारी अजय कुमार ने कहा कि हरियाणा में एक के बाद एक हो रही दुष्कर्म की घटनाएं जहां कड़ी निंदाजनक हैं वहीं सरकार की निष्क्रियता को भी साबित कर रही हैं। जब तक पूरा समाज एकजुट होकर इन घटनाओं के विरोध में आगे नहीं आता तब तक ऐसी घटनाओं पर काबू पाना मुश्किल होगा।
दिल दहला देने वाली घटनाओं ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि पूरे देश की जनता को अपनी मां-बहन और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सोचने पर मजबूर कर दिया है। सभा पदाधिकारियों ने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि इन घटनाओं ने पूरे हरियाणा को हिला कर रख दिया है। ऐसा लग रहा है कि हरियाणा के अंदर महिला सुरक्षा सिर्फ भाषणों में सिमट कर रह गई है। एक के बाद एक रेप और हत्या की घटनाओं पर सरकार मौन बैठी है। दूसरी तरफ विपक्ष अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है। जबकि पीड़ित परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है। आवाज मंच के सदस्य गुरचरण ने भी सभा में इन घटनाओं के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया। इस दौरान रिंकू, पूजा, काजल, नीलम, सुखविंदर, मीका, वीरेंद्र, रवि, हैप्पी, मोहित, हैप्पी, रिंपी, किरणा, अमित, श्याम, विनोद, बग्गा, बलिंदर, भरत सहित स्कूली छात्रों ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।