फतेहाबाद।
प्रदेश में शिक्षा का स्तर सुधारने में जुटी प्रदेश सरकार ने साल 2018 में कम से कम 220 दिन तो सरकारी स्कूलों में कक्षाएं लगाने का टारगेट रख दिया है लेकिन सरकार का अवकाश कैलेंडर इस टारगेट की धज्जियां उड़ाने में कोई कसर नहीं छोड़ता दिख रहा। प्रदेश में शीतकालीन अवकाश आगे बढ़ेंगे या नहीं, इस कशमकश के बीच विभाग की ओर से कुछ आंकड़े सामने आ रहे हैं जो निश्चित तौर पर चौंकाने वाले हैं। साल 2018 के 365 दिनों में से महज 174 दिन ही प्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई होगी। रविवार, अन्य सार्वजनिक अवकाश और जॉयफुल एक्टिविटी को मिला दें तो 191 दिनों तक सरकारी स्कूलों में अवकाश जैसी स्थिति रहेगी। किसी बड़ी घटना के होने पर आकस्मिक अवकाश अभी इस सूची से बाहर ही हैं। पढ़ाई के दिन इसलिए भी कम हो रहे हैं क्योंकि शिक्षा विभाग शनिवार को सरकारी स्कूलों में ज्वॉयफुल एक्टिविटी मनाता है जिसके कारण पढ़ाई नहीं होती। हालांकि शिक्षा विभाग के विशेष सचिव राजीव रतन इस बात को लेकर पूरी तरह निश्चिंत हैं कि इस साल विभाग अपने पूर्व निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक 220 दिन तक अवश्य सरकारी स्कूल खोलेगा।
78 दिन संडे और सैकेंड सैटेरडे की छुट्टी, बाकी शनिवार भी ज्वॉयफुल एक्टिविटी
साल 2018 में इस बार कुल 52 रविवार आएंगे जबकि 26 सैकेंड शनिवार, यानि कुल 78 अवकाश तो सीधा यही हो गये। इसके अलावा बाकी शनिवारों को भी आजकल सरकारी स्कूलों में सैलेबस के अनुसार पढ़ाई नहीं होती। बल्कि इन दिनों में बच्चों को अपना स्कूल बैग लेकर नहीं जाना होता। पिछले सत्र से सरकारी स्कूलों में शनिवार को ज्वॉयफुल एक्टिविटी के रूप में मनाया जाता है। इस दिन विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं और अन्य कार्य करवाए जाते हैं। मतलब बाकी शनिवार को सरकारी स्कूलों में पढ़ाई नहीं करवाई जाएगी।
---------------------------
23 सार्वजनिक व 12 स्वैच्छिक अवकाश भी रोकेंगे पढ़ाई की राह
इस साल प्रदेश सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार कुल 23 सार्वजनिक अवकाश होंगे। इसके अलावा 12 स्वैच्छिक अवकाश भी प्रदेश सरकार के अवकाश कैलेेंडर में शामिल हैं। सरकारी कैलेंडर के अनुसार साल 2018 में आने वाले सार्वजनिक अवकाशों में 5 जनवरी को गुरु गोबिंद सिंह जन्मोत्सव से शुरू होकर साल का आखिरी सार्वजनिक अवकाश 25 दिसंबर को क्रिसमस डे के रूप शामिल होगा।
शनिवार-रविवार को पडने वाले सार्वजनिक अवकाश बचाएंगे सरकार की मुहिम
हालांकि विभाग के अधिकारी भले ही ये कहते रहें कि उन्होंने पूरी तैयारी के बाद ही अवकाश कैलेंडर बनाया है। लेकिन इस बार साल 2018 में शनिवार और रविवार को पड़ने वाले सरकारी अवकाश ही सरकार की इस 220 दिनों तक स्कूल खोलने वाली मुहिम को आगे बढ़ाएंगे। 2018 में 6 अवकाश शनिवार और रविवार को पड़ेंगे। इस साल 25 मार्च को रामनवमी का अवकाश रविवार को पड़ रहा है। इसी तरह अप्रैल माह में पड़ने वाला भीम राम अंबेडकर जयंती अवकाश सेकेंड सैटेरडे को पड़ रहा है। 16 जून को ईद-उल-फितर भी ग्रीष्मकालीन अवकाश में आएगा। इसके अलावा 26 अगस्त को पड़ने वाला रक्षाबंधन भी इस बार रविवार को ही आयेगा। प्रदेश का वीर शहीदी दिवस भी 23 सितंबर को है और इस दिन रविवार ही आयेगा। इसके अलावा जॉयफुल एक्टिविटी को भी शिक्षा विभाग पढ़ाई का हिस्सा मानकर चल रहा है।
ये होंगे साल 2018 के स्वैच्छिक अवकाश
तिथि अवकाश
10 फरवरी दयानंद सरस्वती जयंती
30 मार्च गुड फ्राइडे
30 अप्रैल बुद्ध पूर्णिमा
16 जून गुरु अर्जुन देव शहीदी दिवस
13 अगस्त हरियाली तीज
21 सितंबर मुहर्रम
27 अक्तूबर करवा चौथ
8 नवंबर गोवर्धन पूजा
13 नवंबर छठ पूजा
21 नवंबर ईद-उल-मिलाद
24 नवंबर गुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस
26 दिसंबर शहीद उधम सिंह जयंती
ये होंगे इस साल के सार्वजनिक अवकाश
तिथि अवकाश
5 जनवरी गुरु गोबिंद सिंह जयंती
22 जनवरी बसंत पंचमी
26 जनवरी गणतंत्र दिवस
31 जनवरी रविदास जयंती
14 फरवरी महाशिवरात्रि
02 मार्च होली
23 मार्च शहीदी दिवस
29 मार्च महावीर जयंती
18 अप्रैल परशुराम जयंती
28 जून कबीर जयंती
31 जुलाई उधम सिंह शहीदी दिवस
15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस
22 अगस्त ईद
03 सितंबर जन्माष्टमी
02 अक्तूबर गांधी जयंती
10 अक्तूबर महाराजा अग्रसेन जयंती
18 अक्तूबर दशहरा
24 अक्तूबर महर्षि वाल्मीकि जयंती
01 नवंबर हरियाणा दिवस
07 नवंबर दिवाली
09 नवंबर विश्वकर्मा दिवस
23 नवंबर गुरुनानक देव जयंती
25 दिसंबर क्रिसमस-ड्रे
वर्जन
प्रदेश सरकार शिक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। विद्यार्थियों को अधिक से अधिक पढ़ाई करने का मौका मिले। इसके लिए हमने तय किया है कि साल में कम से कम 220 दिन तक अवश्य स्कूल खुलेंगे। सभी अवकाश भी उसी अनुसार तय किये गए हैं। इसके अलावा हमने आकस्मिक अवकाश के लिए भी विंडो दी है ताकि किसी भी आपात स्थिति में अवकाश करने पर भी न्यूनतम दिनों की पढ़ाई का लक्ष्य पूरा कर सकें।
राजीव रतन, विशेष सचिव, शिक्षा विभाग, हरियाणा।