अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद
लघु सचिवालय के द्वितीय खंड में स्थित ई-दिशा का विस्तार कर अब काउंटर की संख्या बढ़ाई जाएगी और इसके साथ ही नागरिकों के बैठने के लिए भी उचित प्रबंध किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने शुक्रवार को अपने कार्यालय में एक बैठक लेकर ई-दिशा के विस्तार और उसमें सुविधाएं प्रदान करने बारे विस्तार से विचार विमर्श किया तथा निर्देश दिए कि फतेहाबाद के लघु सचिवालय में स्थित ई-दिशा के साथ-साथ टोहाना व रतिया उपमंडल कार्यालयों में भी स्थापित ई-दिशा में सुविधाएं बढ़ाई जाए, ताकि नागरिकों को अपनी सेवाए लेने के लिए किसी प्रकार की दिक्कते न आएं। उपायुक्त ने कहा कि नागरिकों को 300 सेवाओं प्रदान की जानी है जो एक ही छत ने नीचे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ई-दिशा में ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं प्रदान की जाए, ताकि नागरिकों के समय की भी बचत हो और उन्हें त्वरित सरल और सुलभ सुविधा प्रदान हो।
डॉ. हरदीप सिंह ने ई-दिशा में मौजूदा काउंटर 17 को बढ़ाकर 40 करने को कहा है, ताकि सभी प्रकार की सुविधाओं के अलग-अलग काउंटर स्थापित हो जाएं। उन्होंने काउंटर के पास आपरेटर के सामने बैठने के लिए नागरिकों के लिए एक-एक चैयर लगाने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को खड़ा न रहना पड़े। उपायुक्त ने ई-दिशा के दोनों तरफ शौचालय के सुचारू व्यवस्था करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके अलावा उपायुक्त ने लघु सचिवालय में आने वाले नागरिकों के लिए सामुदायिक शौचालय बनाने के भी आदेश दिए और कहा कि नागरिकों को जितनी सुविधाएं प्रदान की जाए वे अच्छी हैं। बेहतर ढंग से सुविधाओं का क्रियान्वन हो और नागरिकों को सरकार द्वारा निर्धारित एक ही छत के नीचे सभी प्रकार की सुविधाएं देने की योजना को अमलीजामा पहनाया जाए। इस मौके पर उपमंडलाधीश सतबीर सिंह जांगु, नगराधीश देवीलाल सिहाग, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी सुश्री अंजू आर्य सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद थे।