फतेहाबाद डीसी का ऑडियो वायरल, जींद रैली के मद्देनजर इंश्योरेंस अधिकारी को ट्रैक्टर्स के इंश्योरेंरस ना करने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
15 फरवरी को जींद में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की प्रस्तावित रैली में जाटों को जाने से रोकने के मामले में फतेहाबाद डीसी डॉ. हरदीप सिंह की एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई है। सोशल मीडिया पर वायरल काल रिकार्डिंग में डीसी हरदीप सिंह ओरियंटल इंश्योरेंस के एक अधिकारी को 15 फरवरी तक ट्रैक्टरों के इंश्योरेंस ना करने का आग्रह करते सुनाई दे रहे हैं। फतेहाबाद प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुभाष बराला का गृह जिला है, ऐसे में फतेहाबाद के डीसी की कॉल रिकार्डिंग को जाट नेताओं ने मुद्दा बना लिया है।
जाट नेताओं का आरोप है कि सरकार के दबाव के चलते अधिकारी और प्रशासन भी अमित शाह की रैली की कामयाबी के लिए बीजेपी के कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर फतेहाबाद के डीसी डॉ. हरदीप सिंह ने इस वायरल ऑडियो पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी को धमका कर कोई काम करने को नहीं कहा है। जिले की कानून व्यवस्था को सही रखने के लिए उन्होंने ऐतिहातन कदमों के तहत इंश्योरेंस अधिकारी को आग्रह किया था।
कुछ इस तरह की बातचीत है डीसी और इंश्योरेंस अधिकारी के बीच वायरल कॉल रिकार्डिंग में
डीसी हरदीप सिंह : मैं हरदीप सिंह बोल रहा हूं, यहां डिप्टी कमिश्रर हूं फतेहाबाद में।
इंश्योरेंस अधिकारी : सर नमस्कर।
डीसी हरदीप सिंह : आपसे हमें एक प्रार्थना करना है।
इंश्योरेंस अधिकारी : सर आदेश।
डीसी हरदीप सिंह : ये जो 15 तारीख को जींद में रैली हो रही है। अखबारों में आपने पढ़ा होगा। साथ ये भी आपने पढ़ा होगा कि अपोजिशन के कुछ नेता ट्रैक्टर-ट्रालियां लेकर जींद को चारों तरफ से सीज करेंगे।
इंश्योरेंस अधिकारी : हांजी सर।
डीसी हरदीप सिंह : तो हमनें आपको ये प्रार्थना करना है कि इन तीन दिनों में किसी ट्रैक्टर को आप इंश्योरेंस ना करें। अनटिल-अनलैस कोई लीगली रिक्वायर्ड है। लीगली रिक्वायर्ड का मतलब किसी ने लोन ले लिया हो और उसकी सिक्योरिटी लैप्स हो रही हो। वो एक अलग बात है। फिलहाल आप इन मामलों को छोड़कर सामान्य मामलों को हतोत्साहित कीजिएगा।
इंश्योरेंस अधिकारी : सर, अभी ना, दो-तीन दिनों में नए ट्रैक्टर काफी निकलें हैं।
डीसी हरदीप सिंह : नए ट्रैक्टरों को तो अभी हम ग्रेस ही दे रहे हैं। वैसे उनको भी आप अवॉयड ही करो। मेरा आइडिया ये है कि नया ट्रैक्टर लेकर कोई गड़बड़ करने नहीं जाएगा।
इंश्योरेंस अधिकारी : वही सर, अभी हम देख रहे थे कि कई महीनों से ट्रैक्टर सेल नहीं हो रहे थे। लेकिन पिछले दो-तीन दिन में फ्रीक्वेंसी बढ़ी है सर ट्रैक्टर सेल की। दस ट्रैक्टर रोजाना निकल रहे हैं। पहले इतना नहीं निकल रहा था।
डीसी हरदीप सिंह : उनको भी कह रहा हूं।
इंश्योरेंस अधिकारी : ठीक है सर, हम पूरा सहयोग करेंगे।
ऑडियो किसने वायरल किया, इस पर भी खड़े हुए सवाल
ऑडियो से साफ तौर पर जाना जा सकता है कि डीसी दफ्तर के लैंडलाइन से ओरियंटल इंश्योरेंस अधिकारी को फोन किया गया था। सामने वाला अधिकारी मार्केट में था और उसके मोबाइल पर फोन गया। अब डीसी हरदीप सिंह व उक्त इंश्योरेंस अधिकारी के बीच हुई कॉल रिकार्डिंग को किसने और किस मकसद से सोशल मीडिया पर वायरल किया। इसको लेकर भी सवाल खड़े होने तय हैं। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि इंश्योरेंस अधिकारी के मोबाइल से ही डीसी से हुई बातचीत को रिकार्ड किया गया और इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। हालांकि काल रिकार्डिंग वायरल होने के बावजूद डीसी हरदीप सिंह ने इस मामले में संबंधित अधिकारी के खिलाफ किसी प्रकार की कोई कार्यवाही से साफ इंकार किया है।
‘फिलहाल मैं दिल्ली हूं। इसलिए ये ऑडियो सुन नहीं सका हूं। लेकिन अगर ऐसा किया गया है तो संबंधित अधिकारी ने गलत किया है। इस बारे में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सामने मुद्दा रखूंगा, इसके बाद जो राष्ट्रीय अध्यक्ष के आदेश होंगे, उसी अनुसार आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।’
-सूबे सिंह ढाका, प्रदेशाध्यक्ष, जाट आरक्षण संघर्ष समिति।