अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
पुरानी जनता धर्मशाला के सामने हरे पेड़ों की कटाई करने वाले आरोपियों के खिलाफ धर्मशाला कमेटी ने नगरपालिका अधिकारियों को शिकायत पत्र देकर कार्रवाई करने की मांग की है। कमेटी के सदस्य एवं पूर्व पंच महाबीर बागड़ी, सेवानिवृत्त प्रिंसिपल मास्टर रामकुमार बिशनोई, डाक्टर दीनानाथ गोस्वामी, बनवारी लाल वर्मा आदि ने बताया कि सोमवार की सुबह पुराने बाजार में जनता धर्मशाला के सामने दो व्यक्ति हरे नीम को उखाड़ रहे थे। जिससे लोगों ने ऐसा करने से रोका तो उन्होंने उनके साथ झगड़ा करने कोशिश की। शिकायत कर्ताओं ने बताया कि हरे पेड़ों की कटाई करना गैर कानूनी होने के साथ-साथ सरकारी संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। नगरपालिका सचिव रविन्द्र सिंह कोहाड़ ने कहा कि हरे वृक्ष व नगरपालिका की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले दोनों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरे पेड़ों की कटाई करने से पर्यावरण को भी नुकसान होता है।