मिलावटी तेल की जांच करने पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को लौटना पड़ा बैरंग
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। मिलावटी सरसों के तेल बेचने की शिकायत पर स्थानीय अग्रवाल कॉलोनी में पहुंची स्वास्थ्य विभाग की एक टीम को शुक्रवार रात एक महिला ने नाकों चने चबवा दिया। महिला ने स्वास्थ्य विभाग को उस घर में घुसने ही नहीं दिया जिस घर के अंदर मिलावटी सरसों का तेल होने की सूचना थी। तकरीबन एक घंटे तक महिला की हेकड़ी के आगे स्वास्थ्य विभाग की टीम बेबस ही नजर आई। हालांकि बाद में डिप्टी सीएमओ डॉ. गिरीश के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के घर में घुसने में कामयाब तो हो गई, लेकिन अंदर सरसों का तेल बरामद नहीं हुआ। हालांकि घर के अंदर सरसों के तेल की खाली बोतलें, पैकिंग का सामान और भी काफी कुछ सामान टीम को बरामद हुआ। इसके अलावा टीम को घर में रखी एक बड़ी कैन में सरसों का तेल तो मिला, लेकिन वो खुला तेल होने के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम उसके सैंपल नहीं ले सकी। मजबूरी में स्वास्थ्य विभाग की टीम को बैरंग ही लौटना पड़ा। इस मामले में शिकायतकर्ता रामप्रसाद ने स्वास्थ्य विभाग की टीम पर सूचना के दो घंटे बाद पहुंचने का आरोप लगाते हुए कहा कि बीती रात 8 बजे जब महिला का पति मिलावटी तेल की पैकिंग करके बाजार में बेचने जा रहा था तो उसकी ओर से डॉ. गिरीश को फिर से फोन किया गया, लेकिन टीम करीब डेढ़ दो घंटे लेट पहुंची और उसके बाद काफी देर तक महिला ने ठीम को घर में घुसने नहीं दिया गया। जिसके चलते टीम को कामयाबी ही नहीं मिल सकी।
दूसरी ओर डिप्टी सीएमओ डॉ. गिरीश ने कहा कि इस घर की पहले भी तलाशी ले चुके हैं, लेकिन उस वक्त भी कुछ नहीं मिला और शनिवार को दोबारा भी जांच की गई, लेकिन टीम को खुला सरसों का तेल मिला जिसकी सैपलिंग नहीं की जा सकती।