मिलावटखोरी के खिलाफ फूड इंस्पेक्टर ने चलाया विशेष अभियान, 4 क्विंटल मिठाई पकड़ी
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद । जिला फूड इंस्पेक्टर एसएस पूनियां की अगुवाई में शुक्रवार को फतेहाबाद शहर में मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान चलाया गया। राखी त्यौहार से पहले नकली मिठाइयों पर नकेल कसने के लिए चलाए गए इस अभियान के दौरान विभाग की टीम ने लाल बत्ती चौक पर एक आटो से घटिया क्वालिटी की चार क्विंटल मिठाई पकड़ी। इतना ही नहीं, फूड इंस्पेक्टर एसएस पूनियां की अगुवाई में विभाग की टीम ने पूरे शहर में मिठाई बनाने वाली कई फैक्ट्रियों में भी छापेमारी की तथा मिठाइयों के सैंपल भरे। फूड इंस्पेक्टर की इस कार्यवाही के चलते पूरे शहर में मिठाई बनाने वाले फैक्ट्री मालिकों के बीच हड़कंप का माहौल रहा।
फूड इंस्पेक्टर एसएस पूनियां ने बताया कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही थी कि शहर में त्यौहार के मद्देनजर नकली एवं घटिया क्वालिटी की मिठाइयां बनाने का काम जोर-शोर से चल रहा है। नकेल कसने के लिए उन्होंने शुक्रवार को फतेहाबाद शहर में विशेष अभियान चलाया। इसके तहत एक ऑटो से 4 क्विंटल मिठाई बरामद की है। मिठाई के मालिक ने बताया कि वो खुले में मिठाई बेचता है। जांच में उसकी मिठाई काफी घटिया क्वालिटी की पाई गई है जिसके चलते उस मिठाई को बाजार में बेचने से प्रतिबंधित कर गोशाला में भेज दिया गया। इसके अलावा शहर में खाद्य पदार्थ बनाने वाली दो फैक्ट्रियों में सैंपल लिए गए हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए भेज दिया गया है, जैसे ही इन सैंपलों की रिपोर्ट आएगी, उसी अनुसार आगे की जांच की जाएगी। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अगर उन्हें कहीं भी मिलावटखोरी का पता चलता है तो इसकी शिकायत विभाग को करें ताकि लोगों को मिलावटी मिठाई व खाद्य पदार्थों से होने वाले नुकसानों से बचाया जा सके।