फतेहाबाद। पंजाब के डेंगू मरीजों की बढ़ती संख्या ने फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग को चिंता में डाल दिया है। दरअसल पंजाब के सीमा पर स्थित टोहाना में पंजाब में बड़ी तादाद में डेंगू आशंकित मरीज उपचार के लिए आ रहे हैं। जिसके चलते फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग के डेंगू आशंकित मरीजों का डाटा बढ़ रहा है। इस स्थिति को भांपते हुए सिविल सर्जन डा. मनीष नागपाल ने इस संदर्भ में पंजाब स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर स्थिति की जानकारी दी है और सीमावर्ती इलाकों में डेंगू की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा है। हालांकि अभी तक पंजाब स्वास्थ्य विभाग से कोई जवाब सिविल सर्जन कार्यालय को नहीं मिला है। सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल ने इसकी पुष्टि की है। पिछले एक माह में तकरीबन 35 डेंगू संभावित मरीज टोहाना के अस्पतालों में उपचार के लिए आ चुके हैं।
टोहाना के निजी अस्पतालों में चल रहा उपचार, जिले के डाटा में शामिल करने पड़ रहे मरीज
टोहाना के आसपास पातड़ा, संगरूर आदि के अनेक गांव व कस्बे पड़ते हैं। इन इलाकों में अभी तक फोगिंग शुरू नहीं हो सकी है। जिसके चलते बुखार के अनेक मरीज इन दिनों टोहाना के निजी अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार निजी अस्पताल डेंगू आशंकित मरीज आते ही स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर देते हैं। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग को इन मरीजों का डाटा भी फतेहाबाद जिले में दिखाना पड़ रहा है। ऐसे में सिविल सर्जन डा. मनीष बंसल ने सीमावर्ती कस्बों के स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर फोगिंग करवाने की मांग रखी है। इसके अलावा उन्होंने इसकी एक कापी पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय को भी भेजी है।
फतेहाबाद के एक हजार घरों में मिल चुका है डेंगू का लार्वा, नोटिस थमाए
स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान फतेहाबाद में तकरीबन एक हजार घरों में डेंगू मच्छर का लार्वा मिल चुका है। विभाग ने इन सभी घरों में मिले डेंगू के लार्वा को खत्म तो कर दिया है लेकिन शहर में फोगिंग की रफ्तार काफी धीमी होने के चलते स्थिति कभी भी विस्फोटक हो सकती है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की मानें तो इस साल मई माह में 144 घरों में, जून माह में 315 व जुलाई माह में 591 घरों में डेंगू का लार्वा मिला है। इन सभी घरों के मालिकों को नोटिस थमाकर सावधानी रखने को कहा गया है।
फॉगिंग मशीन खरीदी, लेकिन अभी तक एक बार भी नहीं किया गया छिड़काव
नगर परिषद प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के लगातार पत्रों के बाद बीते दिनों एक फोगिंग मशीन की खरीद तो कर ली लेकिन कम्पयूटराइज मशीन होने के चलते नगर परिषद के कर्मचारी इसे चलाने से कतरा रहे हैं। हालात का अंदाजा इसी बात से लगाइए कि मशीन को खरीदे हुए तकरीबन 20 दिन से अधिक हो चुके हैं लेकिन फतेहाबाद शहर के मुख्य बाजारों तक में एक बार भी फॉगिंग नहीं हुई है।
वर्जन
टोहाना के निजी अस्पतालों में पंजाब से डेंगू आशंकित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसके चलते पंजाब स्वास्थ्य विभाग, व सीमावर्ती संगरूर व पटियाला स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर सीमावर्ती गांवों में फॉगिंग व अन्य कदम उठाने को कहा है। अभी तक उनका जवाब नहीं आया है।
- डा. मनीष बंसल, सिविल सर्जन, फतेहाबाद।
----------
जिले में पिछले तीन साल में डेंगू के आंकड़े
साल डेंगू पीड़ितों की संख्या
2017 419
2016 055
2015 189