कठिन दौर से गुजर रही है पत्रकारिता: बुवानीवाला
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रवक्ता अशोक बुवानीवाला ने वीरवार को प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पत्रकारों को बधाई दी। बुवानीवाला ने कहा कि आज भारतीय पत्रकारों के लिए कठिन समय है। ईमानदार और संतुलित आवाजों को झूठ से दबा दिया जाता है। प्रेस को सूचना का महत्वपूर्ण जरिया बताते हुए कहा कि स्वतंत्र और ईमानदार प्रेस लोकतंत्र की रीढ़ है। यह हमेशा से दुनिया भर में सूचनाएं, आलोचना और संचार का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है। हम सब का दायित्व है कि प्रेस की आजादी के लिए एक साथ खड़े हों। देश के सबसे बड़ें लोकतांत्रिक देश भारत में पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। मगर हमारे देश में पत्रकारों की स्थिति पिछले कुछ सालों के दौरान बदत्तर हुई है। वर्ल्ड प्रेस फ्रीडम इंडेक्स की 180 मजबूत देशों की सूची में भारत 136वें नंबर पर आ गया है जो बेहद की चिंता का विषय है।