भावनात्मक पत्र लिखकर बाइक वापस छोड़ गया चोर
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बीते शुक्रवार को स्थानीय शमशान घाट के बाहर से गायब हुई बाइक वापस उसी जगह पर मिल गई है। बाइक के ऊपर एक पत्र चिपका मिला जिसपर बाइक ले जाने वाले व्यक्ति ने खुद को बाइक चोर ना बताते हुए किसी जरूरी काम से बाइक की जरूरत होने के चलते बाइक उठाने की बात मानी है।
बाइक के साथ चिपके पत्र में ये लिखा चोर ने
आदरणीय भाई साहब, मैने आपका बाइक चोरी किया था। अब मैं आपका बाइक वापस कर रहा हूं। मुझे बाइक की एक दिन की जरूरत थी। मैं फतेहाबाद का ही रहने वाला हूं और ये गंदा काम पहली बार ही किया। मेरी कोई मजबूरी थी, प्लीज मुझ पर कोई कार्रवाई ना करो। मैं एक मजबूर बाप हूं। मैं जल्द ही बाइक की टंकी और इसके कागजात जल्द ही खुद आकर आपके घर दे जाऊंगा। साथ ही तभी अपनी मजबूरी भी बताऊंगा।’
वायरल हुई थी सीसीटीवी फुटेज
29 दिसंबर को फतेहाबाद शहर में शमशान घाट के बाहर से अज्ञात व्यक्ति एक बाइक उठाकर ले गया था। बाइक चोरी की ये सारी वारदात शमशान घाट के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इसके बाद किसी ने ये सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जिसके बाद फेसबुक और व्हाट्सअप पर हजारों लोगों ने इसे देखा। इस सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि शमशान घाट के बाहर एक बाइक पर दो युवक आते हैं और कुछ देर तक बाइक के आसपास खड़े होकर आपस में बात करते हैं। इसके बाद अचानक से एक युवक बाइक लेकर चलते बनता है और दूसरा युवक अपनी बाइक लेकर उसके पीछे निकल जाता है।