शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक ने किया औचक निरीक्षण
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक हरचरण सिंह छोक्कर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्कूल के प्राचार्य जितेन्द्रपाल के अलावा अन्य शिक्षकों के साथ शिक्षा के उत्थान को लेकर चर्चा की। हालांकि संयुक्त निदेशक ने इस निरीक्षण को रूटीन का निरीक्षण बताया, लेकिन इसकी सूचना जैसे ही आस-पास क्षेत्रों के अन्य स्कूलों में पहुंची तो संबंधित स्कूलों के शिक्षकों की व्यवस्था में ही बदलाव आ गया। निरीक्षण के पश्चात उन्होंने स्कूल के प्रांगण में ही विशेष आवश्यकता वाले राजकीय माध्यमिक विद्यालय सुखमनपुर के छात्र यशपाल को विशेष तौर पर सुविधा हेतु ट्राइसाइकिल प्रदान की।
इस दौरान उन्होंने प्रेस को बताया कि शिक्षा के उत्थान को लेकर विभाग व सरकार पूरी तरह प्रयासरत हैं और इसी प्रयास के चलते स्कूलों में स्टाफ की कमी को पूरा करने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने प्रश्न के उत्तर में बताया कि अभी भी अधिकांश स्कूलों में स्टाफ की कमी है और इस कमी को पूरा करने के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसकी तरफ सरकार का विशेष ध्यान है और इसी ध्यान के चलते प्रदेश के सभी स्कूलों के मुखियों को इस संदर्भ में विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य जितेन्द्र पाल गोयल के अलावा प्राध्यापक बलविन्द्र सिंह, निहाल सिंह, मुकेश कुमार व अन्य शिक्षक भी उपस्थित थे।