अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
स्थानीय अग्रवाल कॉलोनी स्थित एक मकान में एक प्रेमी जोड़े ने शनिवार की देर रात जहर खाकर जान देने का प्रयास किया। घटना में युवक की मौत हो गई है, जबकि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पिछले काफी समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। घटना के पीछे आपसी विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है। मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई है, महिला का नाम मीनू बताया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड चौकी के कर्मचारी जांच में जुट गए हैं, अभी तक दोनों पक्षों के परिजन इस बारे में कुछ भी बोलने से इनकार कर रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार धर्मशाला रोड निवासी राजू सोनी पिछले काफी समय से मीनू नामक महिला के साथ अग्रवाल कॉलोनी में एक मकान में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। बताया गया है कि शनिवार को उन दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया, शनिवार रात को विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने जहर खा लिया। जानकारी मिलते ही आसपास के लोग शनिवार देर रात ही दोनों को अस्पताल लेकर गए जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी अस्पताल के चिकित्सकों ने दोनों को ही अग्रोहा मेडिकल के लिए रेफर कर दिया गया। अग्रोहा मेडिकल में उपचार के दौरान राजू की मौत हो गई, जबकि मीनू की हालत नाजुक ही बनी हुई है। मृतक राजू अपने माता-पिता की इकलौती संतान था।
रविवार सुबह मृतक राजू के शव का अग्रोहा मेडिकल में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। इस मामले में दोनों के परिजन कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर रहे हैं। मृतक राजू के परिजन अरोड़वंश धर्मशाला के पास रहते हैं और राजू पिछले काफी समय से उनसे अलग मीनू के साथ रह रहा था। बस स्टैंड चौकी प्रभारी स.कश्मीर सिंह ने बताया कि उन्हें एक महिला-पुरुष द्वारा जहर खाने की सूचना मिली थी। अस्पताल से दोनों को अग्रोहा रेफर कर दिया गया था। जहां युवक राजू की मौत हो गई है, जबकि मीनू की हालत गंभीर बताई गई है। फिलहाल इस मामले में मृतक राजू के परिजनों के बयान के आधार पर मीनू के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया गया है।
लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे प्रेमी जोड़े ने खाया जहर, युवक की मौत, युवती गंभीर
परिवार से अलग महिला के साथ रह रहा था मृतक, आपसी झगड़े के चलते जहर खाने की आशंका
मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने महिला के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
25एफटीबीपी05 : शनिवार देर रात नागरिक अस्पताल से गंभीरावस्था में मीनू को रेफर करते स्वास्थ्यकर्मी।