फतेहाबाद। जिले के 56 खिलाड़ियों को एक करोड़ 41 लाख रुपये से अधिक का कैश अवॉर्ड मिलेगा। इन 56 खिलाड़ियों की सूची तैयार करके जिला खेल अधिकारी कार्यालय की ओर से मुख्यालय को बजट की मांग भेज दी गई है।
मुख्यालय स्तर से बजट को मंजूरी मिलने के बाद कैश अवॉर्ड की निर्धारित की गई राशि खिलाड़ियों के बैंक खातों में डाली जाएगी। अधिकारियों के अनुसार जिले से गई सूची में मुख्यालय स्तर पर संशोधन की भी संभावना रहती है।
गौरतलब है कि खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले श्रेष्ठ खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से कैश अवॉर्ड दिया जाता है। हर स्तर पर इनाम राशि अलग होती है। इसके लिए राज्य का कोई भी पात्र खिलाड़ी आवेदन कर सकता है। नकद पुरस्कार के लिए आवेदन का सत्यापन राष्ट्रीय खेल महासंघ (एनएसटी) व खेल संघ (एसएसए) के अध्यक्ष या महासचिव के हस्ताक्षर करके ही किया जाता है और राशि खिलाड़ियों व कोच के बैंक खाते में जमा की जाती है।
आवेदन के सभी दस्तावेजों की प्रतियों को खिलाड़ी व कोच को सत्यापित करना होता है। आवेदक की उपलब्धियों में अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईसीओ), इंटरनेशनल पैरालंपिक समिति (आईपीसी) के मान्यता प्राप्त अंतरराष्ट्रीय खेल निकाय की ओर से हुई होनी चाहिए। राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताएं खेल मंत्रालय से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय प्रायोजक महासंघ की ओर से आयोजित हुई होनी चाहिए।
खिलाड़ी के लिए यह होती हैं शर्तें
- खिलाड़ी हरियाणा का मूल निवासी हो।
- हरियाणा के अलावा किसी अन्य राज्य या केंद्र शासित प्रदेश के लिए नहीं खेला हो।
- राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा के लिए खेलता हो।
इन खेलों के खिलाड़ियों को मिलेगा कैश अवॉर्ड
जिले में कबड्डी, कुश्ती, नेटबाल, खो-खो, हॉकी, वॉलीबाल, साइक्लिंग, बॉक्सिंग, शूटिंग, क्रिकेट, ताईक्वांडो, आर्चरी, कुश्ती, एथलेटिक्स, हैंडबाल, जिम्नास्टिक, पैरा लॉन बाउल्स, पैरा कैनोइंग, पैरा सीटिंग वॉलीबाल, सॉफ्ट टेनिस, वुशू आदि खेलों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को कैश अवॉर्ड दिया जाएगा।
कैश अवॉर्ड के लिए 56 खिलाड़ियों की सूची तैयार करके मुख्यालय को भेज दी गई है। कई बार मुख्यालय स्तर पर सूची में संशोधन भी कर दिया जाता है। बजट को मंजूरी मिलने के बाद कैश अवॉर्ड की राशि खिलाड़ियों के खातों में डाली जाएगी।
- विष्णु दास, जिला खेल अधिकारी, फतेहाबाद।