अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। गांव हांसपुर के पास नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम ने अल्टो कार में सवार तीन युवकों को साढ़े 40 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया है। आरोपियों की पहचान गुरपिंदर सिंह, जरनैल सिंह एवं मंदीप सिंह के रूप में हुई है। इसमें जरनैल व मंदीप सिंह पंजाब के संगरूर के रहने वाले हैं जबकि गुरपिंदर रोड़ी जिला सिरसा का बताया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को वीरवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड मांगा जाएगा ताकि इस मामले से जुड़ी अन्य जानकारी हासिल की जा सके।
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम हांसपुर चौकी के पास पुलिस ने नाकाबंदी कर गाड़ियों की तलाशी ले रही थी। इसी दौरान पंजाब साइड से एक गाड़ी आती दिखी जिसमें तीन युवक सवार थे। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी लेने का प्रयास किया तो आरोपियों ने तलाशी देने से मना किया। इसपर पुलिस को संदेह हुआ और डीएसपी उमेद सिंह को बतौर मैजिस्ट्रेट बुलाकर उनकी उपस्थिति में आरोपियों की कार व उनकी खुद की तलाशी ली गई। इस दौरान गुरपिंदर की पेंट की जेब से एक छोटी थैली निकली जिसमें हेरोइन बरामद हुई। वजन करने पर इसका वजन 40.70 ग्राम निकला। इसके बाद तीनों आरोपियों को काबू कर तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी कार को भी जब्त कर लिया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि वो ये हेरोइन दिल्ली के एक नाईजीरियन से खरीदकर लाए हैं और उन्होंने इसे आगे कई जगह सप्लाई करनी थी। पहले भी नशे के साथ पकड़े गए अनेक युवाओं ने दिल्ली के नाइजीरियन का जिक्र किया है, लेकिन लाख प्रयासों के बावजूद अभी तक पुलिस किसी भी नाइजीरियन को काबू नहीं कर सकी है।
16 ग्राम हेरोइन के साथ काबू
इसी तरह एक अन्य मामले में फतेहाबाद के शिव चौक में भी तीन युवकों को 16 ग्राम हेरोइन के साथ काबू किया गया है। तीनों युवक हेरोइन की सप्लाई करने के लिए जा रहे थे। आरोपित नागपाल चौक निवासी कपिल, सदलपुर निवासी रवि तथा गुरुनानकपुरा निवासी सुशील के खिलाफ शहर थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपितों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
वर्जन
हांसपुर पुलिस चौकी के पास नाकेबंदी के दौरान पंजाब नंबर की एक अल्टो कार में सवार तीन युवकों से 40.70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
- उमेद सिंह डीएसपी।