खोल रखी थी प्रॉपर्टी डीलर की दुकान, निकला अवैध क्लीनिक
अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा सिविल सर्जन फतेहाबाद के आदेशानुसार छापेमार कार्रवाई करते हुए इंदिरा कालोनी स्थित तरसेम उर्फ त्यागी के क्लीनिक पर छापा मारा। यह क्लीनिक प्रॉपर्टी डीलर की दुकान की आड़ में चल रहा था। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां पर मौजूद दवाइयों के सैंपल लेकर उन्हें सील कर अपने कब्जे में ले लिया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मामले को लेकर पुलिस प्रशासन की भी मदद ली गई जिसके चलते चौकी इंचार्ज एएसआई खेताराम पुलिस बल सहित मौजूद रहे। पुलिस ने विभाग की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए आरोपी चिकित्सक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। जैसे ही पुलिस आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर ले जानी लगी तो वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक कार्रवाई बताया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के सिविल सर्जन डा. मनीष बांसल को गुप्त सूचना मिली थी कि इंदिरा कालोनी में प्रोपर्टी डीलर की दुकान की आड़ में एक अवैध रूप से क्लीनिक चलाया जा रहा है। सीएमओ ने जिला ड्रग कंट्रोलर राकेश छोक्कर, एसएमओ डा. सतीश गर्ग, एसएमओ डा. हरविंद्र सागु, चीफ फार्मासिस्ट जगदीश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की। जिसके बाद टीम ने इंदिरा कालोनी स्थित त्यागी प्रोपर्टी एडवाईजर की दुकान पर छापा मारा। यह दुकान एक क्लीनिक की तरह चलाई जा रही थी। विभाग की टीम को वहां दवाइयां मिली, जिनके प्रयोग व बेचने के लिए लाइसेंस तरसेम गर्ग नहीं दिखा पाया तथा विभाग ने दवाइयों को कब्जे में लेकर रिपोर्ट तैयार कर पुलिस को दे दी। पुलिस ने चिकित्सक को काबू कर लिया। वहीं इस दौरान मौके पर भारी भीड़ भी एकत्रित हो गई। लोगों ने चिकित्सक पर कार्रवाई का विरोध भी किया। उनका कहना था कि यह एक राजनीतिक साजिश है।
जिला ड्रग कंट्रोलर राकेश छोक्कर ने बताया कि सिविल सर्जन के आदेशानुसार कार्रवाई की गई है। तरसेम उर्फ त्यागी दवाइयों को बेचने का लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर पाया। जिसके बाद दवाइयों को सील करके साथ ले जाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी कार्रवाई के लिए पुलिस को लिख दिया है। चौकी इंचार्ज खेताराम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम ने झोलाछाप चिकित्सकों पर कार्रवाई के चलते यह छापा मारकर गया। आरोपी चिकित्सक को काबू कर लिया गया है और उसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।