अमर उजाला ब्यूरो
टोहाना।
अतिरिक्त जिला उपायुक्त डा. जेके आभीर ने सोमवार को नगर परिषद में बने रैन बसेरे का निरीक्षण किया। इस दौरान शौचालय में पानी न होने पर एडीसी ने नाराजगी जताई व अधिकारियों को लताड़ लगाई। इसके बाद तुरंत वहां पर पानी की व्यवस्था की गई। इस दौरान कमियां मिलने पर एडीसी ने परिषद के अधिकारियों की समस्याएं जल्द दूर करने के आदेश दिए। इस दौरान एडीसी ने कहा कि आमजन को हर सुविधा का लाभ समय पर मिले इसके लिए परिषद के अधिकारी व कर्मचारी कार्य करें।
इस दौरान एडीसी ने कर्मियों से पूछा कि महिलाओं व पुरुषों के लिए क्या व्यवस्था की गई है। जिस पर कर्मियों ने बताया कि रहने के लिए अलग-अलग पलंगों की व्यवस्था है। उस उपरांत एडीसी ने रैन बसेरे के नजदीक बने शौचालय का निरीक्षण किया। यहां पर पानी न होने पर एडीसी गर्म हो गए। उन्होंने नप ईओ से पूछा पानी की व्यवस्था क्यों नहीं है तो ईओ ने कर्मियों को मौके पर बुलाया। कर्मियों ने कहा कि मोटर खराब होने से समस्या है। जिसके बाद ईओ ने कहा कि नप के पास फायर बिग्रेड की गाड़ियां हैं तो पानी क्यों नहीं भरा। इसके बाद पानी की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। एडीसी ने ओर कई कमियां मिलने पर भी कर्मियों को शीघ्र सुधारने के आदेश दिए।