सीएम सिक्योरिटी में लगे पुलिस जवान के घर लाखों की चोरी
टोहाना।
शहर में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं से आमजन असुरक्षित महसूस कर रहा है तथा सेवा सुरक्षा सहयोग का दावा करने वाली हरियाणा पुलिस के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। शहर के चंडीगढ़ रोड स्थित गुप्ता कालोनी में सीएम सिक्योरिटी में तैनात पुलिसकर्मी के घर लाखों रुपये की नकदी व गहने चोरी हो गए। सूचना पाते ही टोहाना पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंच गई व जांच आरंभ कर दी। चोर रात को उनके घर में घुसे और मकान की छत पर बने कमरों में अलमारी को तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीएम सिक्योरिटी में तैनात पुलिस जवान रवि पुत्र बंता सिंह का टोहाना में चंडीगढ़ रोड पर मकान है। रवि की बहन पिंकी ने बताया कि सुबह ढाई बजे अचानक उसके पिता बंता सैनी की आंख ख्ुाल गई तथा उसने बाहर निकलकर उपर के कमरे की तरफ देखा तो पाया कि कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जिसके बाद वे उपर गए तो देखा कि कमरे का सामना बिखरा हुआ था और अलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी से ढाई तोले का सोने का सेट, आधा तोले की सोने की अंगूठी, आधे तोले की सोने की टाप्स, 2 जोड़ी चांदी की पायल तथा 70 हजार रुपये की नकदी गायब थी। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
चोरी की सूचना पाते ही अलसुबह जांच अधिकारी महेंद्र सिंह, पुलिस कर्मचारी राजबीर के साथ मौके पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं सीन आप क्राइम की टीम ने भी वारदात स्थल का दौरा किया। डीएसपी जोगेन्द्र शर्मा भी इस मामले में थाना प्रभारी से लगातार फीड बैक ले रहे हैं। डीएसपी ने मामले में इलाके की पीसीआर पर तैनात कर्मियों से भी पूछताछ करने की बात कही है।
पहले भी हो चुकी है चोरी
रवि की बहन ने बताया कि पहले जब वे राजनगर में रहते थे तो वहां भी उनके मकान में पिछले दो साल में दो बार लाखों की चोरी हो चुकी है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस आज तक किसी भी आरोपी को पकड़ नहीं पाई है। रवि की बहन ने बताया कि उसके पिता की राजनगर में ही दुकान है जिसमें भी चोरों ने सिलेंडर, इनवर्टर व पतीले चोरी कर लिए थे, लेकिन पुलिस कुछ भी बरामद नहीं कर पाई है।
इस बारें में थाना शहर प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि उनके पास गुप्ता कालोनी में चोरी की सूचना आई है। फिलहाल उनकी टीम ने मौके पर जाकर घटनास्थल का जायजा लिया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।