रतिया। गांव कमाना में हुई 10 साल की बच्ची की हत्या के मामले में 2 महीने बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली होने व हत्यारों की गिरफ्तारी न होने के रोष स्वरूप क्षेत्र के लोगों का एक शिष्ट मंडल सोमवार को पुलिस अधिकारियों से मिले। उन्होंने अधिकारियों ने आरोपियों को शीघ्र ही काबू करने की मांग की। जिला पार्षद बीबो इन्दौरा, पूर्व मंत्री राम स्वरूप रामा, मुख्त्यार बाजीगर, सरंपच प्रतिनिधि गुरमीत कमाना, सुरेंद्र बरतिया, सज्जन सिंह, अमरीक सिंह, मिट्ठू सिंह, संजय लालवास, मंदीप नथवान, जोगेंद्र लाली, देवराज आदि ने बैठक में पुलिस अधिकारियों को बताया की 15 जून को गांव कमाना निवासी 10 वर्षीय बालिका अपने पिता के साथ दुकान से सामान लेने गई थी, लेकिन उसके पश्चात वह घर नहीं लौटी और दूसरे दिन ही उसका शव गांव के डेरे के समीप जोहड़ में पाया गया था। उन्होंने बताया कि जिस अवस्था में शव पाया गया था, उससे स्पष्ट था कि हत्यारों ने उपरोक्त बच्ची का अपहरण करने के पश्चात उसकी हत्या ही कर दी थी। उन्होंने बताया कि हालांकि इस मामले में पुलिस मामला दर्ज कर हत्यारों को शीघ्र गिरफ्तार करने का आश्वासन दे रही है, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच पाई है। एसपी ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिए की इस मामले में पूरी जंाच पड़ताल कर आरोपियों को शीघ्र काबू किया जाए। बैठक के दौरान संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विश्वास दिलाया की कोई भी ग्रामीण पुलिस के कार्य में हस्तक्षेप नहीं करेगा और पुलिस पूरी निष्पक्षता व कड़ाई से जांच करे।