फतेहाबाद। जिले में डायरिया के 469 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अगले 15 दिनों के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाएगी, पेयजल लाइनों की जांच होगी और पानी के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता परखने का काम किया जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार, कई स्थानों पर दूषित पेयजल बीमारी फैलने की प्रमुख वजह माना जा रहा है। इसी आशंका के मद्देनजर स्वास्थ्य टीमें रैपिड फीवर सर्वे के साथ पाइप लाइनों में संभावित लीकेज की पहचान भी करेंगी। जहां कहीं लीकेज मिलेगा या पानी का नमूना जांच में असफल पाया जाएगा, उसकी रिपोर्ट जनस्वास्थ्य विभाग को भेजी जाएगी।
अभियान के दौरान उन गांवों और शहरी वार्डों पर विशेष ध्यान रहेगा, जहां उल्टी, दस्त और बुखार के अधिक मामले सामने आए हैं। ऐसे क्षेत्रों से पानी के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी ताकि संक्रमण के स्रोत का पता लगाया जा सके। स्वास्थ्य विभाग ने फील्ड स्टाफ को नियमित रूप से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त दवाइयां, ओआरएस पैकेट और अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। आशा वर्कर, एएनएम तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी लोगों को स्वच्छता अपनाने के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही उबला हुआ या फिल्टर किया गया पानी पीने, खुले खाद्य पदार्थों से बचने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की जा रही है।
15 जून तक चलेगा विशेष अभियान
स्वास्थ्य विभाग का विशेष अभियान 15 जून तक जारी रहेगा। इस दौरान डायरिया और अन्य जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर निगरानी, सर्वे और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
-
जिले में डायरिया केसों की स्थिति
वर्ष केस मिले
2021 1062
2022 1273
2023 1572
2024 1997
2025 1426
2026 469 अब तक
-
नागरिकों से अपील की है कि वे खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार उल्टी, दस्त या बुखार की शिकायत हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी फील्ड में सर्वे कर रही है और जहां पाइप लाइन में लीकेज मिल रही है उसे ठीक करवा रही है। पानी के सैंपल भी लिए जा रहे हैं।
-डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम विशेषज्ञ