फतेहाबाद। आयुष्मान भारत यानि चिरायु योजना का दायरा बढ़ने के साथ-साथ जिले में पात्रों की संख्या भी बढ़नी शुरू हो गई है। जिले में 4,69,371 कार्ड जारी हो गए हैं। जबकि पहले ये दायरा सिर्फ चार लाख तक था। आयुष्मान भारत के तहत कार्ड बनने के बाद पात्रों ने योजना का फायदा भी उठाया है। जिले में ही करीब चार सालों में 42,297 मरीज उपचार करवा चुके हैं। इन मरीजों के उपचार के लिए सरकार अस्पतालों को 68,59,32392 रुपये का भुगतान कर चुकी है। स्वास्थ्य विभाग ने अब सीएससी के माध्यम से योजना में शामिल पात्रों के कार्ड अपडेट करने के लिए सीएससी संचालकों को निर्देश दिए हैं। सीएससी संचालक कार्ड अपडेट करने को लेकर बहानेबाजी कर रहे थे। जिले में रोजाना फिलहाल 600 से 700 कार्ड ही अपडेट हो रहे है। बता दें कि जिले में पहले योजना में 1.80 लाख से कम आय वाले पात्रों को शामिल किया गया था। इसके बाद 1.80 लाख से 3 लाख रुपये वार्षिक आय वाले पात्रों को भी शामिल किया गया है। इनसे 1500 रुपये प्रीमियम लिया जा रहा है। योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का उपचार निशुल्क है।
सात दिन में ये आयुष्मान कार्ड हुए अपडेट
दिन अपडेट हुए कार्ड
27 दिसंबर 816
28 दिसंबर 673
29 दिसंबर 770
30 दिसंबर 748
31 दिसंबर 604
1 जनवरी 576
2 जनवरी 657
ये है आयुष्मान भारत योजना की स्थिति
जिले में एक्टिव हुए कार्ड : 469371
चिरायु एक्सटेंशन में शामिल पात्र : 8900
आयुष्मान योजना के तहत पैनल में शामिल अस्पताल : 18
योजना के तहत लाभ ले चुके पात्र : 42297
पात्रों उपचार पर किया गया भुगतान : 685932392 (24 अक्टूबर 2023)
जिले में ये अस्पताल हैं पैनल में शामिल
वधवा सर्जिकल अस्पताल फतेहाबाद, आई क्यू अस्पताल फतेहाबाद, जयपुर चिल्ड्रन अस्पताल फतेहाबाद, सद्भावना अस्पताल फतेहाबाद, लाइफ केयर अस्पताल फतेहाबाद, उम्मीद अस्पताल फतेहाबाद
पारूल ईएनटी, स्किन एवं लेजर सेंटर टोहाना, राजन आई, हार्ट एवं लेजर सेंटर टोहाना, राजस्थान मेडिकल सेंटर टोहाना, जनता आई एवं मैटरनिटी अस्पताल टोहाना, अरोड़ा अस्पताल टोहाना, मेहता आई अस्पताल टोहाना, जैन चेरिटेबल अस्पताल टोहाना, सांई अस्पताल टोहाना, कक्कड़ नर्सिंग होम, टोहाना, खन्ना ईएनटी टोहाना, दीपांश भाटिया अस्पताल टोहाना, शालिनी सर्जिकल एवं मैटरनिटी अस्पताल रतिया।
कोट
सरकार की आयुष्मान भारत यानि चिरायु योजना के तहत पात्रों को उपचार में फायदा मिला है। जिले के पात्रों के उपचार पर करीब 68 करोड़ रुपये का भुगतान सरकार कर चुकी है। जिन पात्रों ने अभी तक कार्ड एक्टिव नहीं करवाएं है वह जल्द से जल्द करवा लें ताकि किसी आपात स्थिति में उपचार को लेकर दिक्कत न आएं।
-डॉ. लाजवंती गौरी, उप सिविल सर्जन