नागरिक अधिकार मंच ने दिया सेक्टर वासियों के आंदोलन को समर्थन
फतेहाबाद। नागरिक अधिकार मंच फतेहाबाद ने हुडा सेक्टर निवासियों के संगठन हरियाणा स्टेट कन्फैड्रेशन के आंदोलन का समर्थन करते हुए हरियाणा सरकार से गैर कानूनी ढंग से थोपे गए इन्हासमेंट का विरोध किया है। मंच ने मांग की है कि इसकी दोबारा से गणना कर सेक्टर वासियों को राहत प्रदान की जाए। मंच के संयोजक मोहन लाल नारंग, वरिष्ठ सदस्य देवीलाल एडवोकेट, पवन शर्मा, हरनाम सिंह, सुभाष सैनी, राजीव सेतिया, बेगराज आदि ने कहा कि हुडा सेक्टर की कन्फैड्रेशन के प्रतिनिधियों व हरियाणा सरकार के बीच जो सहमति बनी थी, उसे लागू किया जाए। सरकार ने इन्हासमेंट में 37.5 प्रतिशत की रियायत देने का जो निर्णय लिया है, वह सहमति के विपरीत है। सदस्यों ने कहा कि हुडा विभाग ने ब्याज व गैर आवासीय जमीन का दिया हुआ इन्हासमेंट जो गैरकानूनी ढंग से सेक्टर वासियों पर थौंपा गया है, उसकी दोबारा गणना की जानी चाहिए। नागरिक अधिकार मंच ने कन्फैड्रेशन द्वारा जींद में 25 नवंबर को होने वाली रैली का भी समर्थन किया है।