अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। फतेहाबाद जिले में नशा तेजी से फैलते जा रहा है और सबसे ज्यादा नौजवानों को अपनी चपेट में ले रहा है। लेकिन पुलिस प्रशासन अभी तक बेखबर ही नजर आ रहा है। आए दिन जिले में नशे की खेप पकड़ी जा रही है और पुलिस यहीं तक मामला खत्म कर अपनी पीठ थपथपाने लगती है। बुधवार अलसुबह गांव गुल्लरवाला में नशे के लत के चलते जान गंवाने वाला सुरेंद्र अकेला नौजवान नहीं है जिसे नशा निगल गया है। इससे पहले भी फतेहाबाद जिले में नशे की लत तीन अन्य नौजवानों के लिए जानलेवा बन चुकी है।
कुछ दिन पहले नशे की ओवरडोज ने ले ली थी थानेदार के बेटे की जान
सुंदर नगर निवासी 25 वर्षीय अलपेश नशा लेने का आदी था। नशा छुड़वाने के लिए परिवार के लोगों ने सिवानी के धनौटी में दाखिल करवाया था। यहां पर करीब दो महीने तक दाखिल रहा। तीन-चार दिन पहले ही मृतक अलपेश सिवानी से वापिस घर आया था। बृहस्पतिवार को दोस्तों के साथ चला गया। दो-तीन जगह मिलकर बीयर पी है और बताया जा रहा है कि गांव अहरवां में आकर नशा का इंजेक्शन भी लगाया है। जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टर के पास लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने रेफर कर दिया। परिवार के लोग उपचार के लिए हिसार ले गए। यहां पर उपचार के दौरान मौत हो गई। मौत का कारण नशा की ओवरडोज बताया जा रहा है।
रतिया बीजेपी नेता का बेटा भी हो चुका है शिकार
नशे की जद में केवल आम लोग ही नहीं बल्कि सत्ताधारी बीजेपी के बड़े नेता विनोद जग्गा का परिवार भी आ चुका है। विनोद जग्गा के जवान बेटे को नशे की लत थी और रतिया से चलकर वो फतेहाबाद के माडल टाऊन में बने एक खंडहर में आकर नशे की डोज लेने लगा था। इस बीच उसके दोस्त ने उसे नशे की ओवरडोज का इंजेक्शन दे दिया जिसके चलते उसकी मौत हो गई और उसे नशा देने वाले दोस्त को हाल ही में कोर्ट ने उम्रकैद सुना दी। यानि नशे की लत ने दो नौजवानों को उनके परिजनों से हमेशा के लिए जुदा कर दिया।
अब महिलाएं भी शामिल हो चुकी हैं तस्करी में
फतेहाबाद जिले में नशे की जड़ें कितनी ज्यादा गहरी हो चुकी हैं, इसका अंदाजा इसी बात से लगाइये कि अब महिलाएं भी नशे की तस्करी में संलिप्त होती जा रही हैं। पिछले दिनों फतेहाबाद जिले में दो अलग-अलग मामलों में महिलाएं ही नशे की तस्करी करती पकड़ी गई हैं। इनमें एक महिला का पति दिल्ली से स्मैक लेकर आता था और वो खुद छोटी-छोटी पुडिय़ों में इसकी सप्लाई मार्केट में करती थी। तीन जुलाई को टोहाना में महिला पुलिस के हत्थे चढ़ी तो उसके पर्स से स्मैक की छोटी-छोटी 80 पुडिय़ा बरामद हुई। ये फतेहाबाद पुलिस के लिए चौंकाने वाली स्थिति थी।
फतेहाबाद शहर की सबसे व्यस्त मार्केट का कांपलेक्स बना नशेड़ियों का अड्डा
दूर-दराज के गांव छोडिय़े, फतेहाबाद शहर के बीचोंबीच स्थित चार मरला कालोनी के अंदर कई खाली दुकानें और काम्पलैक्स नशेडिय़ों के अड्डे बने हुए हैं। आए दिन इन खाली दुकानों में नशेड़ी घुसकर खुद नशा करते हैं। जगह-जगह बिखरे नशे के इंजेक्शन इनकी गवाही देते हैं लेकिन पुलिस की नाक के नीचे हो रहे इस गोरखधंधे को रोकने के लिए पुलिस की ओर से कोई प्रयास तक नहीं किए जाते।
वर्जन
नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में बाकायदा जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही हैं, पिछले दिनों में हमने नशे की कई बड़ी खेप काबू की हैं। आगे भी नशा तस्करों पर कार्यवाही जारी रहेगी। जो युवक नशे की जद में आ चुके हैं, उनके परिजनों को आगे आकर पीड़ित बच्चों के इलाज शुरू करना चाहिए, इसमें पुलिस प्रशासन भी पूरा सहयोग करेगा।
- दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक, फतेहाबाद।