अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
जिला प्रशासन ने पिछले दो दिन में दो नाबालिग लड़कियों की शादी रुकवाई है। इसके साथ ही इनके परिजनों को चेतावनी भी दे दी गई है कि अगर उन्होंने फिर नाबालिग युवतियों की शादी कराने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिला महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल ने बताया कि बीते दिन उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि गांव पीलीमंदौरी में एक युवती का विवाह किया जा रहा है जिसकी उम्र अभी 18 साल की नहीं हुई है।
अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही वो गांव पीलीमंदौरी पहुंची और जांच की तो पाया कि शिकायत सही थी। इसके बाद उन्होंने और उनकी टीम ने शादी वाले घर में पहुंचकर पाया कि बीते दिन ही उक्त युवती की शादी थी। इसके बाद उन्होंने जब युवती के जन्म तिथि से जुड़े प्रमाण जांचे तो पाया कि युवती अभी 17 साल की है। इसके बाद युवती के परिजनों को हिदायत दी गई थी कि अगर उन्होंने 18 साल की होने से पहले युवती की शादी करने का प्रयास किया तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह गांव झलनियां में एक ऐसी युवती की शादी थी जिसे 18 साल की पूरा होने में महज 17 दिन ही बाकी थी लेकिन नियमों का हवाला देते हुए जिला महिला संरक्षण व बाल विवाह निषेध अधिकारी रेखा अग्रवाल ने उक्त शादी को भी रुकवा दिया। इस घर में मंगलवार को बारात आनी थी। अग्रवाल के समझाने के बाद दोनों पक्ष अब 17 दिन बाद युवती के 18 साल की होने के बाद ही शादी करने को राजी हो गए हैं।