अमर उजाला ब्यूरो
रतिया(फतेहाबाद)।
गांव अलीका के एक व्यक्ति ने सीएम विंडो में शिकायत कर गांव के कुछ लोगों पर हरिजन चौपाल में कब्जा करने और चौपाल में पड़े सामान को तहस-नहस करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने सरपंच, ग्राम सचिव व पंचायत अधिकारी पर कब्जाधारक का पक्ष लेते हुए सीएम विंडो में झूठी क्लोजर रिपोर्ट सौंपने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। बुधवार को ग्रामीणों ने सरपंच व अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि अगर चौपाल से कब्जा न हटाया तो ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे।
मुख्यमंत्री को भेजी शिकायत में अलीका निवासी जसपाल सिंह ने बताया कि अलीका ढाणी की हरिजन चौपाल में कुछ लोगों ने कब्जा कर अपना घर बना लिया है। जिसमें कर्मचंद, सुरजीत, कुंडा राम, सुखदेव आदि शामिल हैं। उक्त लोगों ने चौपाल के आंगन में कब्जा कर अपने पशु बांध रखे हैं और कमरों में तूड़ी आदि डाल रखी है और चौपाल की छत पर पराली रखी हुई है। इन लोगों ने चौपाल में लगे पुराने नलके व गेट को भी खुर्द-बुर्द कर दिया है।
जसपाल ने सीएम को अवगत कराया है कि उसने जनवरी में भी सीएम विंडो पर शिकायत दी थी, लेकिन तब तत्कालीन बीडीपीओ ने कब्जाधारक के साथ सांठगांठ कर और सरपंच व ग्राम सचिव से मिलकर कब्जा हटवानेे की झूठी क्लोजर रिपोर्ट सीएम विंडो पर पेश कर दी। जबकि असलियत यह है कि अभी तक उन लोगों ने कब्जा नहीं छुड़वाया गया है। जसपाल ने सीएम कार्यालय से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने व उक्त कब्जा छुड़वाने की मांग की है। वहीं इस मामले को लेकर बुधवार को ग्रामीणों ने सरपंच व अधिकारियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि अगर चौपाल से कब्जा न हटाया गया तो ग्रामीण उपायुक्त कार्यालय के सामने धरना देने को मजबूर होंगे।