गांव झलनियां के पास हुई लूट मामले में वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्ध युवक सीसीटीवी में नजर आ
फतेहाबाद। गांव झलनियां क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने पति-पत्नी को तलवार दिखाकर उनसे करीब साढ़े तीन लाख रुपये लूट लिए। दंपती के पास 11 तोले सोना भी था, वह लूट से बच गया। सदर पुलिस टीम सूचना पाकर मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
वहीं दोनों बाइक सवार आसपास लगे कैमरे में कैद हो गए, जिसके आधार पर पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है। सेना से सूबेदार के पद पर सेवानिवृत्त काजलहेड़ी निवासी मक्खन सिंह अपनी पत्नी को साथ लेकर फतेहाबाद के पीएनबी बैंक से 3.50 लाख रुपये लेकर आ रहे थे। इसके बाद उन्होंने गोल्ड लोन कंपनी से 11 तोले सोना भी छुड़वाया।
शाम 5 बजे के बाद में रुपये और सोना लेकर स्कूटी पर सवार होकर गांव की तरफ रवाना हो गए। जब वह गांव झलनियां से खजूरी रोड पर पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उन्हें तलवार दिखाकर डराया और उनसे साढ़े तीन लाख रुपये लूटकर भाग गए।
- महिला के बैग में था सोना
गनीमत रही कि सोना महिला के बैग में था, इसलिए वह बच गया। इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे के आधार पर संदिग्ध दोनों युवकों की तलाश शुरू कर दी है। फतेहाबाद सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि शाम को पति-पत्नी से साढ़े तीन लाख रुपये की लूट की वारदात की घटना की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में दो युवक दिखे हैं जिनकी तलाश जारी है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।