जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शहर थाना के उप प्रभारी और नप प्रधान दर्शन नागपाल के संक्रमित मिलने के बाद कोरोना की चेन बननी शुरू हो गई है। इसके अलावा गांव भोडिय़ा खेड़ा में भी कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को लैब से आई रिपोर्ट में रतिया विधायक लक्ष्मण नापा, फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम का पीए राजबीर व जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सहित जिले में 34 कोरोना संक्रमित केस आए है। इसके बाद जिला में कोरोना मरीजों की कुल संख्या 707 हो गई है। इसमें से 518 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक नगर परिषद प्रधान दर्शन नागपाल के संक्रमित मिलने के बाद उनके संपर्क में आए रतिया विधायक लक्ष्मण नापा, फतेहाबाद विधायक दुड़ाराम व उनके स्टाफ के सैंपल लिए गए थे। सोमवार देर शाम को लैब से आई रिपोर्ट में रतिया विधायक लक्ष्मण नापा और फतेहाबाद विधायक के पीए राजबीर कोरोना संक्रमित मिले हैं। विधायक दुड़ाराम की कोरोना रिपोर्ट संदिग्ध है। 48 घंटे बाद स्वास्थ्य विभाग दोबारा सैंपल लेकर लैब भेजेगा। इसके अलावा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एवं पार्षद प्रतिनिधि विनय शर्मा की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई है। पॉजिटिव आने के बाद विनय शर्मा ने संपर्क में आए लोगों से जांच करवाने की अपील की। इसके अलावा एक दिन पूर्व शहर थाना के उप प्रभारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे अब उनके संपर्क में आए शहर थाना के दो पुलिस कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों ही सिरसा के रहने वाले हैं। सोमवार को शहर थाना को सैनिटाइज भी किया गया।
भोड़िया खेड़ा में मिले आठ संक्रमित : गांव भोड़ियाखेड़ा में आठ लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। एक दिन पहले भोड़िया निवासी पंचनंद स्मारक समिति के पदाधिकारी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। सोमवार को भट्टूकलां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एसएमओ डॉ.सुजात बंसल की टीम ने गांव भोड़िया खेड़ा में सर्वे किया। यहां पर 350 लोगों के सैंपल लेने की सूची तैयार की गई। सोमवार को पहले दिन 137 लोगों एंटीजन सैंपल लिए गए। जांच में आठ संक्रमित पाए गए। संक्रमित मिले व्यापारी, उसकी पत्नी, बेटा व मुनीम भी शामिल है। डॉ.सुजाता के मुताबिक मंगलवार को 200 लोगों के सैंपल लिए जाएंगे।
चार बैंकों को किया गया बंद : टोहाना में बैंक के चार कर्मचारी कोरोना संक्रमित आने के बाद चार बैंकों को चार दिनों के लिए बंद कर दिया है। अब यहां पर काम करने वाले कर्मचारियों के सैंपल लिए जाएंगे। इन कर्मचारियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने फतेहाबाद के लोक निर्माण विभाग कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के सैंपल लिए हैं। यहां दो दिन पहले एक कर्मचारी संक्रमित पाया गया था। रतिया ग्रामीण क्षेत्र में भी चार संक्रमित मिले हैं। इसके अलावा भूना में एक संक्रमित पाया गया है।
शाम की रिपोर्ट में ये मिले संक्रमित : लैब से सोमवार शाम को आई रिपोर्ट में गांव बनमंदोरी में 27 वर्षीय युवक, गांव शहनाल में 20 वर्षीय युवती, 50 वर्षीय महिला, वार्ड नंबर 11 रतिया में 51 वर्षीय व्यक्ति, टोहाना में 48 वर्षीय व्यक्ति, मॉडल टाउन टोहाना में मां-बेटी, टोहाना के मॉडल टाउन में 25 और 21 वर्षीय युवक, टोहाना में 53 वर्षीय व्यक्ति, टोहाना के भाटिया नगर में दंपत्ति व उसका बेटा संक्रमित मिले हैं।
26 लोगों ने दी कोरोना को मात : सोमवार को 26 लोगों ने कोरोना को मात दी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक फतेहाबाद में पांच, टोहाना में तीन, रतिया शहर और गांव में 6-6, भट्टूकलां में एक, भूना में दो और जाखल में तीन मरीजों ने कोरोना को मात दी है।
विधायक लक्ष्मण नापा और विधायक दुड़ाराम के पीए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनके संपर्क में आए लोगों की सूची तैयार की जा रही है। लोगों से भी अपील है कि वह अगर संक्रमित के संपर्क में आए हैं तो सैंपल जरूर दें।
- डॉ.विष्णु मितल, जिला महामारी अधिकारी।