20 हजार रुपये में हुई मोबाइल की डील, लगा दिया 1 लाख रुपये का चूना
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। सदर थाना क्षेत्र के गांव अयाल्की के एक युवक से सेल-परचेज साइट पर ऑनलाइन मोबाइल बेचने का लालच देकर एक लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने गांव अयाल्की निवासी संजय कुमार की शिकायत के आधार पर बिहार के आनंद कुमार व संजय के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संजय ने बताया है कि वह चंडीगढ़ में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता है। बीते नवंबर में उसे एक ऑनलाइन शॉपिंग साइट पर एक मोबाइल पसंद आ गया था। जिसे खरीदने के लिए उसने साइट पर दिए गए मोबाइल मालिक के नंबर पर फोन किया तो फोन आरोपी आनंद ने उठाया और उसने खुद को पूर्व सैनिक बताया। इतना ही नहीं आरोपी ने अपने आधार कार्ड व पैन कार्ड सहित खुुद की फोटो भी शिकायतकर्ता को भेजी, जिसमें वह आर्मी की वर्दी में दिखाई दे रहा था। इसके बाद शिकायतकर्ता को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद शिकायतकर्ता की उसके साथ 20 हजार रुपये में फोन की डील फाइनल हो गई। आरोप है कि आरोपी ने 5 हजार रुपये पेटीएम के माध्यम से एडवांस लेने के बाद उसी दिन साढ़े चार हजार रुपये और ले लिए। इसके बाद उसके पास दूसरे आरोपी संजय को फोन करवाया और बाकी बिल पेंडिंग होने की बात कहकर उससे 15 हजार रुपये पेटीएम द्वारा ही और ले लिए और कहा कि जल्द ही फोन आपके पास पहुंच जाएगा। संजय का आरोप है कि इस प्रकार उक्त दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से अलग-अलग कभी 9 हजार रुपये तो कभी 8 हजार रुपये लेकर कुल 1 लाख 4 हजार रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को कहा कि केवल 20 हजार रुपये ही वे खुद रखेंगे और बाकी के पैसे उसके खाते में वापस आ जाएंगे।
वर्जन
युवक की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
आत्माराम बिश्नोई, सदर थाना प्रभारी