अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
लघु सचिवालय के प्रांगण में बेस्ट विलेज अवार्ड स्कीम के तहत उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने सोमवार को बनगांव की बेटियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेटियों को बचाने तथा पढ़ाने में जो ग्राम सराहनीय कार्य करेगी, उन संबंधित ग्राम पंचायतों को आगामी 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा जो भी नागरिक बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छता, शिक्षा आदि क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करेंगे, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि जिस गांव की जनसंख्या 5000 से ज्यादा होती है तथा जिले में सर्वाधिक लिंगानुपात होता है, उस गांव की 10वीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाली लड़कियों को प्रोत्साहन के रूप में एक लाख 50 हजार रुपये की राशि ईनाम के तौर पर दी जाती है। डॉ. हरदीप सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में जिला फतेहाबाद के गांव बनगांव का लिंगानुपात 1545 तथा इसकी जनसंख्या 5524 है। इसलिए योजना के तहत गांव बनगांव को बेस्ट विलेज अवार्ड स्कीम के तहत चुना गया है।
इनको किया सम्मानित
बेस्ट विलेज अवार्ड स्कीम के तहत होने पर गांव की लड़की चिरांशु शर्मा पुत्री दलीप सिंह, रवीना पुत्री रमेश कुमार, अंजली पुत्री भरत सिंह, अमन पुत्री विपिन व रेनू देवी पुत्री सुरेंद्र कुमार का 10वीं कक्षा का परिणाम 10 सीजीपीए रहने पर सोमवार को उपायुक्त डॉ. हरदीप सिंह ने सम्मानित किया। सीएमओ डॉ. मनीष बंसल ने बताया कि इन सभी हौनहार लड़कियों को 30-30 हजार रुपये की राशि के चैक प्रदान किए गए है। आगामी समय में आयोजित होने वाली जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में इन बेटियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर सीएमओ डॉ. मनीष बंसल, एसडीएम सतबीर सिंह जांगु, डीआरओ बिजेन्द्र भारद्वाज व सम्मानित होने वाली बेटियों के अभिभावकगण मौजूद थे।