फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीएम के दौरे से पहले सीएम विंडो को निपटाने में जुटे अफसर, शिकायतकर्ताओं को बुलाकर सुलझा रहे समस्या

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

फतेहाबाद।
फतेहाबाद के बाजार में रेहड़ी लगाने वाले रमेश रहेजा बीते दिन उस समय अचरज में पड़ गए जब उनके मोबाइल पर नगर परिषद कार्यालय से फोन आया और बड़ी विनम्रता से कहा गया कि 'ईओ साहब आपसे मिलना चाहते हैं, क्या आप आज नगर परिषद कार्यालय आ सकते हैं ताकि आपकी समस्या के समाधान बारे कुछ किया जा सके।’ रेहड़ी पर फलों को सजाते हुए रमेश रहेजा ये फोन सुनकर हैरान रह गया। दरअसल रमेश ने सीएम विंडो में नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ सीएम विंडो पर एक शिकायत दी थी। लेकिन एक माह से अधिक बीतने के बावजूद अभी तक उसकी शिकायत पर कोई एक्शन नहीं लिया गया था लेकिन अब एक दम से नगर पालिका प्रशासन के कर्मचारी बार-बार फोन कर उसे बुला रहे हैं।
अब सीएम मनोहर लाल के फतेहाबाद प्रवास के दौरान सीएम विंडो की लंबित पड़ी शिकायतों पर सीएम प्रत्येक शिकायत के बारे में विभागाध्यक्ष से जवाब-तलबी करेंगे। इसलिए नगर परिषद के अधिकारी अब शिकायतकर्ताओं को दफ्तर बुलाकर ना केवल उनकी समस्याएं सुन रहे हैं बल्कि समस्याओं का समाधान कर शिकायतों को फाइल कर शिकायतकर्ताओं के हस्ताक्षर भी ले रहे हैं। नगर परिषद प्रशासन के पास 8 शिकायतें ऐसी हैं जो तय समय से अधिक समय बीतने के बावजूद लंबित हैं। वैसे नगर परिषद प्रशासन सीएम विंडो पर आई सौ से अधिक शिकायतों को तय समय सीमा पहले ही निपटा चुका है।
विज्ञापन

कुछ ऐसा ही हाल जिले के अन्य विभागों का भी है। जिला विकास एवं पंचायत विभाग के अधिकारी भी इन दिनों सीएम विंडो की शिकायतों के समाधान को लेकर ज्यादा सजग हो गए हैं। पिछले तीन दिन से खुद डीडीपीओ इन शिकायतों को निपटाने के लिए जुटे हुए हैं। सभी बीडीपीओ और ग्राम सचिवों को निर्देश दिए गए हैं कि सीएम विंडो पर लंबित पड़ी शिकायतों को जल्द से जल्द दूर करने के प्रयास किए जाएं और प्रत्येक लंबित पड़ी शिकायत पर स्टेटस रिपोर्ट डीडीपीओ कार्यालय को भेजी जाए। जिला विकास एवं पंचायत विभाग के पास सीएम विंडो पर तकरीबन 70 से 80 शिकायतें ऐसी हैं जो तय समयसीमा से अधिक अवधि से लंबित हैं। हालांकि सीएम विंडो के लांच होने से लेकर अभी तक जिला विकास एवं पंचायत विभाग एक हजार के करीब शिकायतों को डिस्पोज ऑफ कर चुका है।
ट्वीटर हैंडल की शिकायतों पर प्रशासन अलर्ट
सीएम विंडो के साथ साथ सीएम मनोहर लाल के औपचारिक ट्वीटर हैंडल पर आई फतेहाबाद से संबंधित शिकायतों को लेकर भी अधिकारी सजग हो गए हैं। सीएम के ट्वीटर हैंडल पर आई मोबाइल मार्किट के एक दुकानदार द्वारा अतिक्रमण की समस्या पर नगर परिषद प्रशासन ने बकायदा शहर थाने को एक शिकायत देकर अतिक्रमण हटाने में मदद और संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई तक की इल्तजा की है।
दरअसल काफी समय पहले सीएम मनोहर लाल के ट्वीटर हैंडल पर एक दुकानदार ने शिकायत दी थी कि मोबाइल मार्किट में एक मोबाइल दुकानदार ने फुटपाथ पर लकड़ी का बोर्ड लगाकर दीवार सी बना दी है जिससे उसकी दुकान छिप जाती है। बुधवार को नगर परिषद के जेई सुमित चोपड़ा, सफाई निरीक्षक शिवकुमार, सफाई दरोगा ईश्वर चंद शर्मा सहित नगर परिषद की एक टीम कब्जा हटाने पहुंची तो आरोप है कि उक्त दुकानदार ने उनके साथ हाथापाई करने का प्रयास किया। जिसके बाद सफाई निरीक्षक शिवकुमार ने इस संदर्भ में शहर थाने में एक शिकायत देकर कब्जा हटाने व सरकारी डयूटी में बाधा पहुंचाने के लिए अशोक बतरा व शुभम बतरा नामक दुकानदार के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।


'सीएम विंडो पर लंबित पड़ी शिकायतों के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। सीएम मनोहर लाल के प्रस्तावित दौरे से पहले लगभग सभी लंबित शिकायतें निपटा ली जाएंगी। अभी तक नगर परिषद से संबंधित सौ से अधिक शिकायतें निपटाई जा चुकी हैं। ’
अमन ढांडा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद, फतेहाबाद।

'विभाग से संबंधित एक हजार से अधिक शिकायतें सुलझाई जा चुकी हैं। तकरीबन 60-70 शिकायतें लंबित हैं जिनके निपटान के लिए काफी दिनों से लगातार जुटे हैं। संबंधित बीडीपीओ व अन्य कर्मचारियों को भी कहा गया है कि वे अपने इलाके की शिकायत की स्टेटस रिपोर्ट भेजें।’
विज्ञापन

-राजेश खोथ, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, फतेहाबाद।

'सीएम के टविटर हैंडल पर आई एक शिकायत के समाधान के लिए मोबाइल मार्केट में एक टीम गई थी जिसके साथ अतिक्रमण के आरोपी दुकानदार ने मारपीट की व सरकारी ड्यूटी में बाधा पहुंचाने का प्रयास किया। इस संदर्भ में उच्चाधिकारियों के साथ साथ शहर थाने में भी सफाई निरीक्षक की ओर से शिकायत दी गई है।’
सुमित चोपड़ा, कनिष्ठ अभियंता, नगर परिषद, फतेहाबाद।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें