अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
किसान संघर्ष समिति की जिला स्तरीय एक बैठक गुरुद्वारा झाड़ साहब में हुई, जिसकी अध्यक्षता तेजिन्द्र थिंद ने की। इस इस मीटिंग में फतेहाबाद जिले के किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में फैसला किया कि जिन किसानों को नोटिस देकर सरकार पर्चा दर्ज करने का अल्टीमेटम दे रही है, उसका विरोध करेंगे। किसानों ने कहा कि प्रशासन ने बिना संसाधन दिए किसानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई का काम किया है, जिसकी हम निंदा करते हैं। इस मीटिंग में सर्वसम्मति से फैसला लिया कि जिन 855 किसानों को नोटिस जारी किए गए हैं, उसको लेकर 4 दिसम्बर को किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधि डीसी फतेहाबाद से मिलेंगे और नोटिस वापस लेने की मांग करेंगे।
मीटिंग में यह भी फैसला लिया गया कि सरकार ने किसानों की 550 रुपये प्रति क्विंटल की दर से जो पराली खरीदने की घोषणा की है, किसान 4 दिसम्बर को अपनी पराली लघु सचिवालय में लेकर जाएंगे और प्रशासन से पराली खरीदने का आह्वान करेंगे। किसान नेता मनदीप नथवान ने बताया कि इस मीटिंग में 51 सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है, विभिन्न मुद्दों को लेकर डीसी से मुलाकात करेगी। उन्होंने बताया कि किसान संघर्ष समिति गांव-गांव जाएगी और कमेटियां गठित की जाएगी। उन्होंने कहा कि खेती बचाने, फसलों का उचित मूल्य मिलने, आवारा पशुओं से निजात आदि मुद्दों के लिए संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा। इस अवसर पर धर्मपाल जाखल एडवोकेट, गुरबचन सिंह, दर्शन रतिया सहित अनेक किसान मौजूद थे।
21 एफटीबीपी 08-फतेहाबाद के झाड़ साहिब गुरुद्वारा में पंचायत में भाग लेते किसान।