अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
आखिरकार वही हुआ जिसका अंदेशा था। मौसम विभाग की लगातार चेतावनियों को नजर अंदाज कर जिला प्रशासन का एमएम कॉलेज के खुले मैदान में ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का फैसला गलत निकला। बारिश के चलते सारा कार्यक्रम ही अव्यवस्था की भेंट चढ़ गया। मंगलवार रात से ही प्रशासन ने एमएम कॉलेज के मैदान में मैट आदि बिछवा दिए थे। देर रात हुई बारिश के चलते सारा काम खराब हो गया और मजबूरन प्रशासन को योग दिवस कार्यक्रम एमएम कालेज के ऑडिटोरियम में ही करवाना पड़ा जहां न तो पूरे योग साधक बैठ सके और न ही अंदर बैठे लोग सही ढंग से योग कर सके। सारा कार्यक्रम महज औपचारिकता पूरी करने भर का ही रह गया। कार्यक्रम की मुख्यातिथि उचाना की विधायक प्रेमलता कार्यक्रम में पहुंची ही नहीं।
4 हजार लोगों को करना था योग, 300 बच्चों तक सिमटा कार्यक्रम
जिला प्रशासन की मानें तो कार्यक्रम में लगभग 4 हजार के करीब योग साधकों को योग करना था, लेकिन जिस हाल में कार्यक्रम हुआ उस हाल में बमुश्किल तीन सौ लोग ही बैठ सके, उनमें भी अधिकतर बच्चे ही थे। इतना ही नहीं, ऑडिटोरियम में पहुंचे 300 बच्चों को भी योग करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी। हालांकि काफी संख्या में लोग पहुंचे भी थे, लेकिन उनके बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था ही नहीं हो सकी। योग नियमानुसार प्रत्येक योग साधक के बीच में तकरीबन एक-एक हाथ का फासला होना अनिवार्य होता है ताकि योग क्रियाएं करते समय साथ वाले योग साधक को परेशानी ना हो लेकिन इस कार्यक्रम में इस नियम को भी दरकिनार करना पड़ा। नतीजन लेट कर करने वाले आसन के दौरान लोग एक-दूसरे पर गिरते नजर आए।
विकल्प के रूप में पहले से नहीं थी कोई तैयारी
मौसम विभाग ने कई दिनों से चेतावनी जारी की हुई थी कि 20-21 और 22 जून को बारिश की संभावना है और पिछले दो दिन से रात को लगातार अच्छी बारिश हो रही थी। ऐसे में प्रशासन अगर एमएम कॉलेज के मैदान में ही योग दिवस समारोह के लिए अड़ा हुआ था तो भी अधिकारियों को विकल्प अवश्य तैयार रखना चाहिए था, लेकिन बुधवार अल सुबह बारिश के बाद प्रशासन के पास कोई विकल्प ही नहीं था। लेकिन बुधवार अल सुबह आनन-फानन में जिस ऑडिटोरियम का चुनाव किया, प्रशासन की उसकी पहले से कोई सफाई तक नहीं की गई थी। ऐसे में आड़ी-तिरछी सफाई करवाई गई और कुछ लोगों को अंदर और कुछ लोगो को बाहर ही बेरतीब से बिठा दिया गया।
मदन गोपाल आर्य और पतंजलि योग समिति के स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
योग दिवस सम्मेलन का कार्यक्रम जिला प्रशासन की ओर से आयोजित था, लेकिन बावजूद इसके मदन गोपाल आर्य की टीम और पतंजलि योग समिति के स्वयंसेवकों ने ही सारी व्यवस्था संभाली। हाल के अंदर सिर्फ सुरक्षा के लिए कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगी हुई थी बाकी किसी भी प्रशासनिक कर्मचारी ने व्यवस्था बनाने में कोई योगदान नहीं दिया।
अफसरों ने योग मुद्राओं का अच्छे से किया अभ्यास
पिछले तीन सालों में इस बार पहली दफा ऐसा हुआ कि जिला प्रशासन के अधिकारियों और नेताओं ने बेहतरीन तरीके से योगाभ्यास किया। पिछले दोनों बार जिला प्रशासन के अधिकारियों से सही तरीके से योग क्रियाओं का अभ्यास नहीं हो पाया था जिसके चलते पिछले बार वो योगाभ्यास में लगातार लड़खड़ाते नजर आए। इस बार एडीसी जेके अभीर, एसपी कुलदीप यादव, बीजेपी जिलाध्यक्ष वेद फुलां, डीडीपीओ राजेश खोथ, नगीर परिषद अध्यक्ष दर्शन नागपाल सहित पहली पंक्ति में बैठे सभी अधिकारी बिना किसी खास तकलीफ के योग क्रियाएं करते दिखे।
नाढौड़ी के मांगेराम ने शीर्षासन में तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, दिव्यांग भी दिखे योग करते
पिछली बार की तरह इस बार भी नाढ़ोड़ी के मांगेराम ने शीर्षासन में कमाल का संतुलन दिखाया। पिछले साल उन्होंने 65 मिनट तक लगातार शीर्षासन किया था। इस बार उन्होंने अपना ही पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया और तकरीबन एक घंटा 15 मिनट तक लगातार शीर्षासन किया। उनकी इस उपलब्धि पर जिले के आला अधिकारियों ने उन्हें पुरस्कृत भी किया। इसके अलावा मंच पर मौजूद एक दिव्यांग भी अपनी योग क्रियाओं से सामने बैठे लोगों को अचंभित कर रहा था। दिव्यांग ने कई योग क्रियाएं बिल्कुल आम इंसान की तरह की जबकि वो बिना लाठी के चल भी नहीं सकते थे।
इंद्रयोग ने बिगाड़ा योग दिवस का उत्साह
मौसम ने बिगाड़ा प्रशासन का प्रोग्राम, बंद हाल में अव्यवस्थाओं की भेंट चढ़ा योग दिवस समारोह
ना साधकों को बैठने को पर्याप्त जगह मिली, आधे अधिकारी हाल के बाहर ही करते दिखे चहलकदमी
मौसम विभाग की चेतावनी के बावजूद प्रशासन की जिद भारी पड़ी व्यवस्था पर
21एफटीबीपी13: बारिश के कारण एमएम कॉलेज के मैदान में खड़ा पानी और बिखरे हुए मैट।
21एफटीबीपी14 : एमएम कालेज के ऑडिटोरियम में जगह की कमी के चलते इधर-उधर लेटकर योगाभ्यास करते साधक।
21एफटीबीपी15 : योगाभ्यास के बीच मोबाइल देखती दो युवतियां ।
21एफटीबीपी16 : मंचासीन अतिथियों व साधकों को योगाभ्यास करवाती आयुष विभाग की अंबिका पाटा।
21एफटीबीपी17 : योग के दौरान ध्यानमग्र एक युवती।
21एफटीबीपी18 : एमएम कालेज के ऑडिटोरियम में लगातार शीर्षासन करने वाले मांगेराम ।