फतेहाबाद। रोडवेज डिपो प्रशासन को 16 मिनी बसें मिल चुकी हैं। सोमवार को छह और नई मिनी बसें मिलने वाली हैं। इससे जिले में मिनी बसों की संख्या 31 हो गई हैं। इनमें से 10 मिनी बसों को टोहाना भेजा जाएगा। मिनी बसें जहां लोकल रूटों पर चलेंगी, वहीं जिन गांवों में विद्यार्थियों को आने जाने में परेशानी हो रही है, वहां पर भी इन बसों का संचालन किया जाएगा। इससे जिले में परिवहन सेवाओं की बेहतर सुविधाएं लोगों को मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
छोटी बस होने के चलते इन बसों का प्रयोग उन स्थानों पर भी किया जा सकता है, जहां के रास्ते संकरे हैं। पहले फतेहाबाद रोडवेज के बेड़े में नौ मिनी बसें थी। विभाग ने इन मिनी गुलाबी बसों के लिए सरकार से डिमांड की थी। जिनमें 16 बसें रोडवेज विभाग के बेड़े में आ चुकी हैं। इनमें छह पिछले वीरवार को जबकि 10 शुक्रवार को आई हैं। अभी छह और बसें आनी बाकी हैं, जो सोमवार तक रोडवेज बेड़े में जुड़ जाएंगी।
फतेहाबाद मुख्यालय में रहेंगी 21 बसें
रोडवेज विभाग के पास अब 31 मिनी गुलाबी बसें होंगी। इन बसों के रूट प्लान की तैयारी की जा रही है। पहले बसों की फिजिकल वेरिफिकेशन के बाद उनका रजिस्ट्रेशन करवाया जाएगा। रोडवेज विभाग 10 मिनी गुलाबी बसों को टोहाना सब डिपो में भेजेगा, जिससे वहां भी व्यवस्था बन सके। बाकी 21 फतेहाबाद मुख्यालय में रहेंगी।
हिसार-सिरसा रूट पर भी चलेंगी बसें
फतेहाबाद को मिलने वाली मिनी गुलाबी बसों को हिसार-सिरसा व टोहाना रूट पर भी चलाया जाएगा। रोडवेज विभाग के अनुसार, इसके अलावा जिन क्षेत्रों में विद्यार्थियों को आने जाने में परेशानी हो रही है, वहां पर भी इन बसों का संचालन किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
कोट
फतेहाबाद रोडवेज को 16 गुलाबी बसें मिल चुकी हैं। सोमवार को छह और बसें आएंगी। ऐसे में रोडवेज बेड़े में बसों की संख्या 31 हो जाएगी। इन बसों को हिसार, सिरसा व टोहाना रूट पर भी चलाया जाएगा। इसके अलावा सिंगल रूट, जहां बड़ी बसें नहीं जाती और विद्यार्थियों को परेशानी आती है, वहां पर इन बसों को चलाया जाएगा।
-शेर सिंह, जीएम, रोडवेज फतेहाबाद